झांसी। झांसी मंडल में चौथी लाइन बिछाने का काम जल्द शुरू होगा। धौलपुर से बीना के बीच करीब 320 किमी लंबे सेक्शन के बीच यह लाइन बिछाई जाएगी। रेल अफसरों के मुताबिक सर्वे काम पूरा हो चुका। अंतिम मंजूरी के लिए मुख्यालय भेजा गया है। इस लाइन की मदद से गाड़ियों की रफ्तार बढ़ाने के साथ ही उनकी लेटलतीफी भी दूर होगी।
दिल्ली-मुुंबई के मुख्य ट्रैक पर गाड़ियों का बोझ लगातार बढ़ रहा है। सवारी गाड़ियों के अलावा उतनी ही मालवाहक गाड़ियों की भी आवाजाही है। इसको देखते हुए यहां चौथी लाइन की जरूरत महसूस हो रही थी। रेल बजट में इसको मंजूरी मिल चुकी। इसके बाद चौथी लाइन के लिए सर्वे भी रेल अफसरों ने पूरा करा लिया। रेल अफसरों का कहना है धौलपुर से बीना के बीच इस लाइन को बिछाने में करीब 4869.95 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इस लाइन के साथ मालगाड़ी के लिए अलग रास्ता बनेगा। इससे सवारी एवं मालगाड़ी दोनों ही अपने समय पर पहुंचेंगी।
उनका कहना है कुछ समय पहले बिछाई गई तीसरी लाइन के दौरान इस पूरे रेलखंड पर 197 छोटे एवं 16 बड़े ब्रिज बनाए गए थे। डबरा एवं ग्वालियर के बीच आंतरी, संदलपुर और सिथौली स्टेशन के बीच बड़े इलाके में पहाड़ हैं। सर्वे में इस पूरे इलाके को भी शामिल किया गया है। चौथी लाइन में नए पुल भी बनेंगे। चौथी लाइन से ट्रेनों की गति बढ़ने के साथ ही उनकी लेटलतीफी भी खत्म होगी। जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह का कहना है कि सर्वे कार्य पूरा हो चुका है। मुख्यालय से अंतिम मंजूरी मिलने के बाद यह कार्य आरंभ हो जाएगा। इससे दिल्ली-मुंबई के बीच रेल सफर आसान हो जाएगा।