train and coach affix reservation chart
झांसी। सफर से महीनों पहले रेलवे में आरक्षण कराने के बाद भी चार्ट में नाम तलाशने की दिक्कत से यात्रियों को जल्द निजात मिलेगी। रेलवे ने स्टेशन के प्लेटफार्मों के साथ-साथ ट्रेनों के कोच पर कागज की लिस्ट के बजाए इलेक्ट्रानिक रिजर्वेशन चार्ट लगाने का फैसला किया है। यह चार्ट ऑटोमेटिक अपडेट भी होगा। झांसी मंडल में भी यह सुविधा जल्द शुरू होने जा रही है।
चार्ट में रात को लाइट जलेगी। इससे न केवल बर्थ तलाशने में आसानी होगी। बल्कि बारिश व अंधेरे आदि में कागज का चार्ट फटने का डर भी नहीं रहेगा। इंटरनेट आधारित इलेक्ट्रॉनिक रिजर्वेशन चार्ट टिकट निरस्त होने पर अपडेट होता रहेगा। झांसी के साथ-साथ ग्वालियर स्टेशन पर इलेक्ट्रॉनिक रिजर्वेशन चार्ट लगेंगे। इसके लिए स्टेशनों से ट्रेनों के नाम और नंबर की रिपोर्ट मांगी गई है। यह रिपोर्ट पहुंचते ही आरक्षित कोच में इलेक्ट्रॉनिक रिजर्वेशन चार्ट लगाने का सिलसिला अगले माह से शुरू हो जाएगा। जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि यात्रियों को अधिक सुविधा मिले, इसके लिए जल्द ही रेलवे स्टेशन पर इलेक्ट्रॉनिक चार्ज की शुरूआत होगी।