झांसी। प्रधानमंत्री के आगमन के दौरान करीब तीन घंटे तक शहर में ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। शुक्रवार की शाम पौने पांच बजे से यह ट्रैफिक डायवर्जन लागू कर दिया जाएगा। उसके बाद यह वीवीआईपी के जाने तक लागू रहेगा। वहीं, सभी भारी वाहनों का शहर में प्रवेश बृहस्पतिवार दोपहर से ही प्रतिबंधित कर दिया गया। ग्वालियर, उरई, ललितपुर आदि रास्तों से आने वाले भारी वाहनों को सीमा के बाहर ही रोक दिया गया। इनको शुक्रवार की रात ही शहर में आने की इजाजत मिलेगी।
एसएसपी शिवहरि मीना के मुताबिक शुक्रवार को प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित रखा गया है। भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। वीवीआईपी आगमन के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रखने को आठ मुख्य प्रवेश मार्गों पर डायवर्जन लागू किया जाएगा। इस रास्ते के ट्रैफिक को वैकल्पिक रास्ते से आगे गुजारा जाएगा। डायवर्जन जिन सड़कों के लिए लागू किया गया है उनमें मेडिकल बाईपास, मऊरानीपुर तिराहा, कचहरी चौराहा, जेल चौराहा, हंसारी एवं सदर, इलाइट एवं चित्रा चौराहा, इलाहाबाद बैंक चौराहा, सीपरी बाजार से चित्रा चौराहा का ट्रैफिक शामिल किया गया है। एसएसपी के मुताबिक व्यस्त ट्रैफिक कचहरी चौराहा से शहर की ओर आने वाले ट्रैफिक को एवट मार्केट, सदर बाजार रास्ते जेल चौराहे की ओर डायवर्ट किया जाएगा। यह शाम पौने पांच बजे से लागू कर दिया जाएगा।
इन रास्तों पर लागू रहेगा डायवर्जन
- मेडिकल बाईपास से शहर की ओर आने वाला ट्रैफिक शिवाजी नगर तिराहा की ओर से आगे निकाला जाएगा
- मऊरानीपुर तिराहे से शहर की ओर आने वाला ट्रैफिक मेडिकल बाईपास के रास्ते आगे बढ़ाया जाएगा
- कचहरी चौराहा से शहर की ओर आने वाला ट्रैफिक बस स्टैंड से जेल चौराहा के रास्ते बढ़ेगा
- जेल चौराहे से शहर की ओर से आने वाला ट्रैफिक को झांसी होटल तिराहा के रास्ते से गुजारा जाएगा
- हंसारी व सदर की ओर से आने वाला ट्रैफिक इलाहाबाद बैंक चौराहा के रास्ते आगे निकाला जाएगा
- इलाइट से चित्रा चौराहा एवं इलाहाबाद बैंक की ओर डायवर्ट रहेगा
- इलाहाबाद बैंक चौराहा से इलाइट की ओर जाने वाला ट्रैफिक रेलवे स्टेशन एवं झांसी होटल तिराहा से आगे बढ़ाया जाएगा
- सीपरी बाजार से चित्रा चौराहा की ओर से इलाइट आने वाला ट्रैफिक रेलवे स्टेशन की ओर से निकाला जाएगा
एसपीजी ने बनाया सुरक्षा घेरा, बंद करा दी जीवनशाह तिराहे के पास की सभी दुकानें
एडीजी जोन ने लिया सुरक्षा तैयारियों का जायजा
पीएम सुरक्षा को देखते हुए एसपीजी ने कार्यक्रम स्थल के आसपास अपना सुरक्षा घेरा बना लिया। पुलिसकर्मियों ने कार्यक्रम स्थल समेत जीवनशाह तिराहे के पास की सभी दुकानें चौबीस घंटे पहले ही बंद करा दी। हवाई पट्टी से लेकर पूरे कार्यक्रम स्थल तक किसी भी फुटपाथ दुकान को भी खुलने नहीं दिया गया।
उधर, पीएम की सुरक्षा को देखते हुए छह किमी दायरे को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। इस पूरे इलाके के सभी दो मंजिला भवनों में हथियार बंद जवान तैनात किए जा रहे हैं। इन घरों के हर मंजिल में सिपाहियों की तैनाती रहेगी। इस पूरे इलाके में स्थित घरों की तलाशी अभियान भी चलाया गया। इधर, एडीजी भानु भाष्कर ने दीनदयाल सभागार में ब्रीफिंग करते हुए सभी को ड्यूटी को लेकर निर्देश दिए। उन्होंने कहाकि बैरीकेटिंग पर आम लोगों को जमा न होने दिया जाए। आम लोगों को परेशानी न हो इसका भी ख्याल रखा जाए। मंडलायुक्त डा.अजय शंकर पांडेय ने सभी को तालमेल के साथ काम करने के निर्देश दिए। डीआईजी जोगेंद्र कुमार ने भी पार्किंग समेत अन्य को लेकर निर्देश दिए हैं।
38 चौराहों पर लगी स्क्रीन में होगा पीएम के कार्यक्रम का प्रसारण
पीएम के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण 38 विभिन्न चौराहों पर लगी स्क्रीन के जरिए भी किया जाएगा। यहां से आम लोग इस कार्यक्रम को देख सकेंगे। जिन स्क्रीन के जरिए इनका प्रसारण किया जाएगा उनमें स्मार्ट सिटी के जरिए लगाई गई प्रोजेक्टर स्क्रीन भी शामिल हैं। निगम अफसरों के मुताबिक इलाइट चौराहा, बीकेडी चौराहा, चित्रा चौराहा, खंडेराव गेट, इलाहाबाद बैंक तिराहा समेत अन्य स्थानों पर इसका प्रसारण होगा।
पूर्व मंत्री समेत डेढ़ दर्जन घरों में नजरबंद
प्रधानमंत्री समेत तमाम वीवीआई के आगमन को देखते हुए कानून-व्यवस्था न बिगड़ने पाए इसके लिए पुलिस ने पहले से ही पूर्व मंत्री प्रदीप जैन समेत सपा, कांग्रेस के डेढ़ दर्जन नेताओं को घरों में नजरबंद कर दिया है। पुलिस ने कुछ किसान नेताओं को भी घरों में नजरबंद कर दिया है।