झांसी। रानी की गौरवगाथा को जानने झांसी में देसी - विदेशी पर्यटक आते रहते हैं। पर्यटकों को समुचित सुविधा व सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से पर्यटन विभाग ने पर्यटन पुलिस का गठन कर छह कर्मियों की नियुक्ति की है, जिनमें से चार को झांसी में एवं दो को चित्रकूट में तैनात किया गया है। पर्यटन पुलिस में सेवानिवृत्त सैन्य कर्मियों को ही रखा गया है।
उल्लेखनीय है कि आगरा, लखनऊ, वाराणसी आदि एतिहासिक शहरों की तर्ज पर झांसी में भी पर्यटन पुलिस के गठन की आवश्यकता महसूस की जाती रही है। ऐसे में दिसंबर माह के मध्य में जिलाधिकारी की अध्यक्षता वाली समिति ने पर्यटन पुलिस के लिए एक इंस्पेक्टर, एक सब इंस्पेक्टर व चार कांस्टेबलों का अनुमोदन कर चयनित किया था।
क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी डा. कल्याण सिंह यादव के मुताबिक दो कर्मियों को चित्रकूट के कामद गिरी एवं रामगंगा घाट पर तैनात किया गया है, वहीं चार को झांसी रेलवे स्टेशन स्थित पर्यटन सुविधा केंद्र पर तैनात किया है। आवश्यकता पड़ने पर इन्हें किला, रानी महल आदि एतिहासिक स्थलों पर भी लगाया जाएगा। पर्यटन पुलिस का मुख्य काम पर्यटकों के साथ घटना होने पर उन्हें मदद एवं पर्यटकों को सुरक्षित माहौल प्रदान कराना है।
तैयार है जाखलौन का वोट क्लब
एतिहासिक स्मारकों व प्राकृतिक सुंदरता से परिपूर्ण ललितपुर जिले के जाखलौन में पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए वोट क्लब तैयार हो चुका है, जिसका लोकार्पण प्रदेश के पर्यटन मंत्री ओम प्रकाश सिंह जल्द करेंगे। क्षेत्रीय पर्यटक अधिकारी डा. कल्याण सिंह यादव के मुताबिक वोट क्लब में पर्यटक नौका विहार आनंद ले सकते हैं। वहीं देवगढ़ में पर्यटन विकास के क्रम में पर्यटक आवास के उच्चीकरण के लिए भी प्रक्रिया प्रारंभ हो रही है।