झांसी। ‘पढ़े विवि, बढ़े विवि’ अभियान के तहत शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय परिसर व संबद्ध कॉलेजों में पूर्वाह्न 11 से 12 बजे तक शिक्षक-विद्यार्थी एकसाथ किताबें पढ़ेंगे। खास बात यह रहेगी कि किताबें पढ़ने के दौरान कहीं कुंभ तो कहीं कमल की आकृति बनेगी।
राजभवन के निर्देश पर आयोजित अभियान की सफलता के लिए बृहस्पतिवार को बीयू में कुलसचिव तथा मेडिकल कॉलेज में प्राचार्य ने बैठक की। बीयू कुलसचिव विनय कुमार सिंह ने बताया कि विवि परिसर के गांधी ऑडियोरियम, स्टेडियम, फॉरेंसिक विभाग, विज्ञान भवन आदि में कार्यक्रम आयोजित होगा। वहीं, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डाॅ. मयंक सिंह ने बताया कि कॉलेज के ऑडियोरियम में कार्यक्रम आयोजित होगा। अपराह्न 12:15 बजे से सभी को दहेज उन्मूलन तथा नशा मुक्ति की शपथ दिलाई जाएगी। ब्यूरो