झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग संस्थान को तीन सेवानिवृत्त प्रोफेसर मिल गए हैं। इनकी नियुक्ति इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्यूनिकेशन, बायोटेक्नोलॉजी और मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग में हुई है। मंगलवार को हुई कार्य परिषद की बैठक में इनका अनुमोदन कर दिया गया।
बीयू में कुछ समय पहले ही सेवानिवृत्त प्रोफेसरों की नियुक्ति के लिए साक्षात्कार हुए थे। मंगलवार को कार्य परिषद की बैठक में नियुक्ति पत्र खोले गए। बताया गया कि आईआईटी खड़गपुर से सेवानिवृत्त प्रो. आशीष कुमार मुखोपाध्याय को इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्यूनिकेशन, आईआईटी बीएचयू से सेवानिवृत्त प्रो. एसके श्रीवास्तव को बायोटेक्नोलॉजी और बीआईईटी से रिटायर्ड प्रो. घनश्याम श्रीवास्तव को मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग में नियुक्ति मिली है। यह नियुक्ति एक साल के लिए की गई है। इसके अलावा विद्या परिषद की बैठक का भी अनुमोदन किया गया। कुलपति प्रो. जेवी वैशम्पायन ने दीक्षांत समारोह की तैयारियों की भी जानकारी ली।