बुधवार को झांसी में कोरोना संक्रमण के तीन और मामले सामने आए। इनमें चिरगांव निवासी एक संक्रमित व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। एक गर्भवती महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वहीं, तीसरा मरीज जिसमें वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है वह गुरुग्राम से लौटा था। अब जिले में कुल सक्रिय कोरोना संक्रमितों की संख्या चार हो गई है। जिला प्रशासन के अनुसार नियमानुसार नए हॉटस्पॉट का निर्धारण किया जाएगा।
कोरोना के खिलाफ जंग में बहुत हद तक जीत हासिल कर चुके झांसी में एक ही दिन में तीन नए मामले सामने आने से जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। देर रात करीब 11 बजे प्रशासन ने तीन नए मरीजों की सूचना साझा की। इनमें चिरगांव निवासी एक 50 वर्षीय व्यक्ति भी शामिल है। इनकी मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। जिला प्रशासन के अनुसार मरीज गंभीर अवस्था में बुधवार सुबह ही भर्ती हुआ था।
उसे क्रॉनिक रीनल डिसआर्डर की समस्या थी। समय-समय पर उसकी डायलिसिस हो रही थी। भर्ती होने के करीब दो घंटे बाद ही इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। कोराना जांच रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि हुई। भैरो खिड़की उनाव गेट निवासी एक गर्भवती महिला भी कोरोना संक्रमित मिली है। इन दोनों मरीजों की कोई ट्रैवल हिस्ट्री सामने नहीं आई। तीसरा मरीज मऊरानीपुर के बंगरा गांव निवासी है। जानकारी के अनुसार पिछले दिनों यह गुरुग्राम से लौटा था।
एक नजर में
- बुधवार को कुल 71 सैंपल की जांच हुई।
- अब तक जिले में पांच कोरोना संक्रमितों की मौत हुई।
- वर्तमान में चार सक्रिय कोरोना मरीज हैं।
- जिले में अब तक कुल 35 संक्रमित मिले हैं।
- कुल संक्रमितों में 26 की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है।
- रिपोर्ट निगेटिव आने वाले सभी 26 को डिस्चार्ज किया जा चुका है।
- अब तक कुल 3004 सैंपलों की जांच की जा चुकी है
- जांचे गए कुल सैंपलों में 2842 की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
- लंबित सैंपलों की संख्या 119 और निरस्त सैंपलों की संख्या 9 है।