झांसी। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। प्रदेश में दो चरणों में होने वाली प्रयोगात्मक परीक्षाएं प्रथम चरण में तीन फरवरी और दूसरे चरण में 13 फरवरी से शुरू होंगी। झांसी में प्रथम चरण में प्रयोगात्मक परीक्षाओं का आयोजन होगा। इसमें 21 हजार परीक्षार्थी भाग लेंगे। बोर्ड ने डीआईओएस कार्यालय को परीक्षा कार्यक्रम भेज दिया है। झांसी मंडल में प्रथम चरण में प्रयोगात्मक परीक्षाएं होंगी।
यूपी बोर्ड परीक्षा के तहत प्रयोगात्मक परीक्षाओं के लिए परीक्षार्थी काफी समय से इंतजार कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को बोर्ड ने प्रयोगात्मक परीक्षाओं की तिथि घोषित कर दी है। झांसी में तीन से 12 फरवरी तक प्रयोगात्मक परीक्षाएं होंगी। प्रयोगात्मक परीक्षा सीसीटीवी कैमरे और ऑडियो रिकार्डिंग के साथ होगी, जिसकी कॉपी प्रधानाचार्यों को बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय को देनी होगी। प्रयोगात्मक परीक्षा में 50 फीसदी अंक आंतरिक परीक्षक और 50 फीसदी अंक बाह्य परीक्षक देंगे। हाईस्कूल की प्रयोगात्मक परीक्षा (आंतरिक मूल्यांकन) नैतिक खेल एवं शारीरिक शिक्षा, इंटरमीडिएट की खेल एवं शारीरिक शिक्षा के प्राप्तांक विद्यालयों के प्रधानाचार्य 25 फरवरी से अपलोड करेंगे। परीक्षाओं के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया जाएगा। परीक्षकों की तैनाती क्षेत्रीय कार्यालय से की जाएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. कोमल सिंह यादव ने बताया कि प्रयोगात्मक परीक्षाओं के संबंध में विद्यालयों को सूचना भेजी जा रही है। कोविड नियमों का पालन और सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में परीक्षा होगी।
दो चरणों में शामिल हैं ये जिले
पहले चरण में तीन से 12 फरवरी के बीच आगरा, सहारनपुर, बरेली, लखनऊ, झांसी, चित्रकूट, फैजाबाद, आजमगढ़, देवीपाटन एवं बस्ती मंडल से जुड़े जिलों में प्रयोगात्मक परीक्षा होगी। दूसरे चरण में 13 से 22 फरवरी के बीच अलीगढ़, मेरठ, मुरादाबाद, कानपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी तथा गोरखपुर मंडल से जुड़े जिलों में प्रयोगात्मक परीक्षा होगी।