ओरछा। धार्मिक नगरी ओरछा में 13 से 15 दिसंबर तक तीन दिवसीय श्रीराम विवाह महोत्सव मनाया जाएगा। इस बार पहली बार दो किलोमीटर के दायरे में भजन प्रसारण के लिए ध्वनि प्रणाली लगाई जाएगी। महोत्सव में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
हाल ही में कलेक्टर जमुना भिड़े की अध्यक्षता में तैयारियों को लेकर बैठक हुई। इसमें सांसद महेश केवट, जिला अध्यक्ष राजेश पटेरिया और पुलिस अधीक्षक डॉ. रायसिंह नरवरिया सहित कई अधिकारी शामिल थे। बैठक में सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और वाहन पार्किंग के इंतजामों पर चर्चा की गई। श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, प्रकाश, शौचालय और साफ-सफाई की व्यवस्था की जाएगी। ठंड से बचाव हेतु अलाव और आपातकालीन सेवाओं का भी प्रबंध होगा। संबंधित विभागों को आयोजन की जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
महोत्सव की धार्मिक तैयारियां 9 दिसंबर से अन्नपूर्णा जी के पूजन से शुरू होंगी। 13 दिसंबर को मंडप स्थापना, हल्दी की रस्म और विशाल भंडारा आयोजित किया जाएगा। 14 दिसंबर को शाम 7 बजे रामराजा सरकार की शाही बरात निकलेगी। पुलिस जवान मंदिर के मुख्य द्वार पर सम्मान गारद देंगे। बरात नगर भ्रमण कर जनक जी के मंदिर पहुंचेगी और 15 दिसंबर को राम कलेवा के साथ महोत्सव का समापन होगा।