संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। महाकुंभ में महाशिवरात्रि के दिन स्नान के लिए रेलवे स्टेशन पर एक बार फिर जनसैलाब दिखाई दिया। मंगलवार को दो मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया गया। इनसे करीब पांच हजार लोगों को महाकुंभ भेजा गया। साथ ही बसों व निजी वाहनों से श्रद्धालु प्रयागराज रवाना हुए। स्टेशन पर बागेश्वर धाम जाने वाले भी काफी संख्या में रहे।
आखिरी अमृत स्नान पर लोग महाशिवरात्रि के दिन त्रिवेणी में डुबकी लगा कर पुण्य कमाना चाह रहे हैं। जब से कुंभ प्रारंभ हुआ है, तब से प्रतिदिन तीन से पांच हजार लोग ट्रेन से प्रयागराज जा रहे हैं। मंगलवार को स्टेशन पर महाकुंभ व बागेश्वर धाम जाने वाले यात्रियों के कारण पैर रखने की जगह भी दिखाई नहीं दी। कुंभ मेला स्पेशल ट्रेन शाम 7:40 बजे 12 डिब्बों की रवाना की गई, जिसमें भारी भीड़ रही। इसके बाद रात्रि 10 बजकर 30 मिनट पर दूसरी ट्रेन से करीब दो हजार श्रद्धालु प्रयाग राज पहुंचेंगे।
वेटिंग हॉल, सर्कुलेटिंग एरिया में भी श्रद्धालु बैठे हुए ट्रेन का इंतजार कर रहे थे, जबकि अन्य यात्रियों का स्टेशन पहुंचना जारी रहा। प्रशासनिक व रेल अधिकारी पल-पल की सूचना उच्च अधिकारियों को पहुंचाते रहे। दो ट्रेनों से करीब पांच हजार यात्रियों के रवाना होने की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा दो हजार से अधिक श्रद्धालु खजुराहो पैसेंजर से रवाना हुए। स्टेशन अधीक्षक डीके चतुर्वेदी, टीटीई संजय सोनकर, मनीष शुक्ला के अलावा जीआरपी थाना प्रभारी नवीन कुमार पुलिस बल के साथ यात्रियों को ट्रेनों में सुरक्षित चढ़ाने में जुटे रहे। लगातार उद्घोषणा कर ट्रेन की सूचना दी गई और प्रयागराज एक्सप्रेस आने पर बताया गया कि यह ट्रेन खजुराहो तक ही जाएगी, जिससे लोग गलत ट्रेन में यात्रा न करें।