झांसी। दीपावली के बाद गोरखपुर, मुंबई व दिल्ली जाने वाले यात्रियों की रविवार को प्लेटफार्म पर भीड़ रही। बरौनी मेल, कुशीनगर, साबरमती एक्सप्रेस के जनरल कोच यात्रियों से ठसाठस भरकर चले तो स्लीपर कोच में भी यात्रियों को सीट नहीं मिली। दिल्ली जाने के लिए रेल प्रशासन ने रविवार को झांसी से विशेष ट्रेन का संचालन किया, जो निर्धारित समय से 16 मिनट की देरी से 2 हजार यात्रियों को लेकर रवाना हुई। रात 8 बजे भी स्पेशल ट्रेन दिल्ली के लिए झांसी से रवाना की गई। स्पेशल ट्रेन व भीड़-भाड़ को लेकर डीआरएम अनिरुद्ध कुमार ने निरीक्षण किया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए जीआरपी व आरपीएफ की तैनाती की गई थी।
बरौनी मेल के प्लेटफार्म पर आते ही इसमें सवार होने के लिए यात्री जद्दोजहद करते दिखे। जनरल कोच भरे होने के बाद भी यात्री अंदर घुसने की कोशिश करते रहे। स्लीपर कोच में भी यात्री जबरन सीटों पर बैठ गए। इससे कंफर्म टिकट लेकर यात्रा करने वाले परेशान हुए। यही हाल कुशीनगर व साबरमती एक्सप्रेस में भी रहा। सीट को लेकर जहां यात्री विवाद करते रहे तो शौचालय से लेकर कोच के गेट पर खड़े होकर यात्रा करते दिखे।
0000000000
महज 16 मिनट में भरी दिल्ली जाने वाले विशेष ट्रेन
दिल्ली के लिए झांसी से चलाई गई विशेष ट्रेन साढे़ तीन बजे प्लेटफार्म नंबर एक पर खड़ी हो गई। लेकिन, भीड़ अधिक नहीं थी। इसी बीच ललितपुर-झांसी मेमो के आते ही उतरने वाली भीड़ ने विशेष ट्रेन को देख दौड़ लगाना शुरू कर दिया। विशेष ट्रेन 3:45 बजे रवाना होनी थी, लेकिन भीड़ को देखते हुए रेलवे ने विशेष ट्रेन को रोक दिया। गाड़ी रुकते ही करीब 16 मिनट में 2200 से अधिक यात्री सवार हो गए। ट्रेन 4:02 बजे रवाना हुई। दूसरी विशेष ट्रेन 8 बजे 1800 यात्रियों को लेकर दिल्ली के लिए रवाना हुई। पीआरओ मनोज कुमार ने बताया कि दोनों विशेष ट्रेनें झांसी से एक फेरा लगाएंगी।