अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। जनपद में कई विद्यालयों में छात्र-शिक्षक अनुपात के आधार पर शिक्षकों की तैनाती नहीं है। शासन स्तर से जारी सूची में 249 शिक्षक सरप्लस हैं। वहीं, कई विद्यालयों में 220 शिक्षकों की कमी है। अब जनपद के अंदर ही विद्यालय समायोजन अथवा स्थानांतरण के लिए शिक्षक 29 जून तक आवेदन कर सकेंगे।
जारी सूची के मुताबिक प्राथमिक विद्यालयों में 159 सहायक अध्यापक सरप्लस हैं। वहीं, जूनियर विद्यालयों में 24 शिक्षक अधिक हैं। इसके अलावा उच्च प्राथमिक विद्यालयों में 66 हेड मास्टर सरप्लस हैं। वहीं, विभिन्न ब्लॉकों किसी विद्यालय में एक, दो तो किसी में तीन से चार शिक्षकों की कमी है।
बीएसए विपुल शिव सागर ने बताया कि शिक्षकों के समायोजन/ स्थानांतरण के लिए फॉर्म सिर्फ वो ही विद्यालय के अध्यापक भर सकेंगे, जिसके यहां सरप्लस अध्यापक हैं। संख्या अनुसार ही शिक्षक का स्थानांतरण होगा, जितने पद सरप्लस हैं। किसी विद्यालय से निश्चित सरप्लस संख्या से अधिक आवेदन होने पर वरिष्ठता के आधार पर स्थानांतरण होगा। सिर्फ उन्हीं विद्यालय में स्थानांतरण होगा, जिसमें जरूरत है। सभी विद्यालय नहीं खुलेंगे। छात्रसंख्या यू डायस के पिछले सत्र 2024-25 की मान्य होगी।