झांसी। कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले जीआईसी के रिटायर्ड प्रोफेसर के घर से चोर लाखों रुपये का माल लेकर भाग गए। घटना के समय वह अपनी पत्नी का प्राइवेट अस्पताल में उपचार करा रहे थे। मौका पाकर घर में घुसे चोर घटना को अंजाम देकर भाग निकले। सुबह घर पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू कर मामला दर्ज कर लिया है।
थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित फिल्टर रोड के पास न्यू चावला कॉलोनी में जीआईसी के रिटायर्ड प्रोफेसर मोतीलाल वर्मा परिवार सहित रहते हैं। रविवार की रात वह अपने परिवार समेत शादी समारोह में भाग लेने गए थे। इसी बीच पत्नी सरोज कुमारी वर्मा की तबियत खराब हो गई। शादी समारोह से वह सीधे उपचार के लिए प्राइवेट अस्पाल ले गए। यहां मौका पाकर घर में घुसे चोर तीस हजार रुपये, डेढ़ लाख के जेवरात व अन्य माल लेकर भाग गए। सुबह इलाज कराने के बाद वह पत्नी के साथ घर पहुंचे तो बाहर से ताले टूटे देख घबरा गए। अंदर जाकर देखा तो अलमारी खुली पड़ी थी और अंदर रखा पूरा माल गायब था। सूचना मिलते ही पुलिस ने पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।