अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। प्रेमनगर थाना इलाके में एक युवक ने गले में फंदा कसकर आत्महत्या कर ली। युवक के आत्मघाती कदम उठाने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
हंसारी के खारा कुआं निवासी रामप्रसाद अहिरवार का बेटा सुनील उर्फ राजू (40) बुधवार की रात घर में खाना खाकर अपने कमरे में सोने चला गया था। बड़े भाई अनिल कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आया। इस पर तकरीबन साढ़े नौ बजे परिजन उसे जगाने पहुंचे। कमरे की कुंडी अंदर से बंद थी। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने पर अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। इस पर दरवाजा तोड़ा तो वह पंखे पर फंदा बनाकर लटका हुआ था।
बता दें कि सुनील अविवाहित था। वह अपने माता-पिता के साथ रहता था। जबकि बड़े भाई रेलवे में नौकरी करते हैं। प्रेमनगर थाना प्रभारी सरिता मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। परिजन भी कुछ नहीं बता पा रहे हैं। मामले की पड़ताल जारी है।