झांसी। प्रेमनगर के मालगोदाम के रेलवे क्रॉसिंग के पास एक युवक स्कूटी सवार युवती से छेड़खानी करने लगा। युवक की हरकतें जब हद से गुजर गईं, तब पीड़िता का सब्र जवाब दे गया। उसने युवक को दौड़ा लिया। करीब 50 मीटर पीछा करके उसे पकड़ लिया। स्कूटी से नीचे घसीटकर गिरा दिया और लात-घूंसों से धुनाई कर डाली। वहां मौजूद महिलाओं ने भी युवक पर थप्पड़ बरसाए। पीड़िता को हमलावर देख आरोपी युवक ने हाथ-पांव जोड़कर माफी मांगी। बुधवार को सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।
कोतवाली इलाके निवासी पीड़िता मंगलवार को स्कूटी से बहन को लेने जा रही थी। जैसे ही वह मालगोदाम के पास रेलवे कॉलोनी की क्रॉसिंग पहुंची, वहां स्कूटी सवार युवक उससे छेड़खानी करने लगा। घबराकर पीड़िता ने अपनी स्कूटी रोक दी। आरोपी युवक भी रुक गया। पीड़िता छेड़खानी का विरोध करने लगी। वहां मौजूद कुछ लोग वीडियो बनाने लगे। यह देखकर युवक भागने लगा। पीड़िता ने आरोपी युवक के पीछे दौड़ लगा दी। करीब 50 मीटर पीछा करके उसे स्कूटी से नीचे गिरा दिया। वहां भीड़ जमा हो गई। पकड़े जाने के बाद युवक हाथ जोड़कर माफी मांगने लगा। प्रेमनगर थाना प्रभारी शेर सिंह ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ कोई तहरीर नहीं दी है।