फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jhansi News: पुलिस ने दबाव बनाकर दबवा दी 15 लाख रुपये गायब होने की बात

Thu, 12 Nov 2026 02:10 AM IST
झांसी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, झांसी
विज्ञापन
विज्ञापन
झांसी। गुरसराय में बर्तन कारोबारी के छह वर्षीय बेटे को स्कॉर्पियो समेत लेकर भागने वाले चालक आशीष अवस्थी के मामले में नया मोड़ आ गया है। कारोबारी अनुराग सिंह ने अब चालक पर गाड़ी में रखे करीब 15 लाख रुपये लेकर भागने का भी आरोप लगाया है। उसका आरोप है कि बच्चे के बरामद होने के बाद पुलिस ने उस पर रुपये गायब होने की बात शिकायत में दर्ज नहीं कराने का दबाव बनाया।
विज्ञापन

बुधवार को कारोबारी ने पत्नी और बच्चे के साथ आईजी से मुलाकात कर शिकायत की। उसने संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और पूरे मामले की जांच कराकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की।
गुरसराय निवासी बर्तन कारोबारी अनुराग सिंह के मुताबिक, मंगलवार को वह कारोबार के सिलसिले में गुरसराय गए थे। शाम करीब चार बजे गुरसराय-एरच रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास उनकी पत्नी और वह शाैचालय जाने के लिए गाड़ी से उतरे थे। इसी दौरान चालक आशीष स्कॉर्पियो और उसमें बैठे उनके छह वर्षीय बेटे को लेकर भाग गया। कारोबारी का आरोप है कि गाड़ी में रखे बैग में करीब 15 लाख रुपये भी थे।
विज्ञापन

उन्होंने तत्काल गुरसराय थाने पहुंचकर लिखित शिकायत की, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने बच्चे की तलाश में अपेक्षित तत्परता नहीं दिखाई। इसके बाद वह परिचित की मदद से पत्नी को साथ लेकर खुद बेटे की तलाश में निकल पड़े। गुरसराय से करीब 10 किलोमीटर दूर इदी सेमरी गांव में पता चला कि करीब 20 मिनट पहले सफेद स्कॉर्पियो तेजी से निकली है। इसके बाद उसी रास्ते पर तलाश करते हुए मोंठ बाईपास पुल के नीचे स्कॉर्पियो और बच्चा मिल गए।
कारोबारी के मुताबिक, गाड़ी में रखा रुपयों का बैग और उनकी पत्नी का मोबाइल फोन गायब था। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। करीब पांच मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें पत्नी व बच्चे समेत मोंठ थाने ले गई।

एकांत में ले जाकर दबाव बनाने का आरोप
कारोबारी का आरोप है कि मोंठ थाने में पुलिसकर्मी उन्हें एकांत में ले गए और शिकायत में रुपये गायब होने की बात नहीं लिखने का दबाव बनाया। उनसे कहा गया कि रुपये का जिक्र करने पर वीडियो वायरल हो सकता है और कई लोगों को इसकी जानकारी हो जाएगी। साथ ही आश्वासन दिया गया कि रुपये बरामद होने पर उन्हें वापस कर दिया जाएगा।
उनका कहना है कि पुलिस के इस रवैये से पत्नी घबरा गईं। उन्होंने पहले बच्चे को लेकर घर लौटने और बाद में उच्चाधिकारियों के सामने पूरा मामला रखने की सलाह दी। इसके बाद वह पुलिस की बात मानकर पत्नी और बच्चे के साथ घर लौट आए।
बुधवार को कारोबारी ने पत्नी और बच्चे के साथ आईजी आकाश कुलहरि से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि गुरसराय थाना प्रभारी और क्षेत्राधिकारी के स्तर से मामले को दबाने का प्रयास किया गया। कारोबारी ने रुपये गायब होने की घटना की जांच कराने, रिपोर्ट दर्ज करने और दबाव बनाने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

आईजी बोले, आरोपों की कराई जाएगी जांच
आईजी आकाश कुलहरि ने बताया कि कारोबारी का शिकायती पत्र मिला है। उसमें लगाए गए आरोपों की जांच कराई जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन


पुलिस से जवाब मांगते सवाल
- पुलिस के अधिकारियों ने कारोबारी पर शिकायत से 15 लाख रुपये का जिक्र हटाने का दबाव क्यों बनाया?
- कारोबारी ने गाड़ी में 15 लाख रुपये होने की बात कही थी, तो गुरसराय पुलिस ने इसे शिकायत में दर्ज क्यों नहीं किया?
- बच्चे और स्कॉर्पियो की बरामदगी के बाद चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तत्परता क्यों नहीं दिखाई?
- गाड़ी से रुपयों का बैग और मोबाइल फोन गायब थे, तो पुलिस ने इनकी तलाश के लिए क्या जांच की?
- कारोबारी के आरोपों की जांच क्या संबंधित पुलिस अधिकारियों से अलग किसी अधिकारी से कराई जाएगी?
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें