अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। मोंठ ब्लॉक के पंचायत ग्राम सचिव पुरुषोत्तम सिंह के थाना बड़ागांव के पारीछा स्थित आवास में घुसे छह हथियारबंद बदमाशों ने बीस लाख रुपये के जेवर समेत नकदी उड़ा दी। सभी बदमाश घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। बड़ागांव पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पारीछा के स्टेशन रोड निवासी पुरुषोत्तम सिंह की तैनाती मोंठ ब्लॉक में है। उनके भाई बलराम के मुताबिक, 31 अगस्त की रात परिवार के लोग खाना खाकर सोने चले गए। घर में पुरुषोत्तम, पत्नी स्वरूपा, मां मिथिलेश समेत दो अन्य लोग अलग-अलग कमरों में सोए थे। रात करीब दो बजे नकाबपोश छह बदमाश घर में घुस आए। बदमाश खिड़की उखाड़कर कमरे में जा घुसे। कमरे में कोई नहीं था।
आलमारी और लोहे का बॉक्स तोड़कर मां मिथिलेश एवं बहन मांडवी के सोने-चांदी के करीब 18 लाख के जेवरात समेत दो लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए। सुबह जगने पर कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था। जब वह लोग कमरे में पहुंचे, तब अंदर का सारा सामान बिखरा था। परिजनों की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले। निरीक्षक संजय गुप्ता के मुताबिक तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करके बदमाशों की तलाश की जा रही है।
इनसेट
सीसीटीवी कैमरे में एक साथ दिखे नकाबपोश बदमाश
सीसीटीवी कैमरे में छह नकाबपोश बदमाश दिखाई पड़े। पिछले डेढ़ माह के दौरान यह तीसरी बड़ी चोरी है। पहली चोरी करीब डेढ़ माह पहले नवाबाद के कोछाभांवर इलाके में हुई। इसके बाद कुछ दिनों पहले ही पंचवटी के दिव्य कॉलोनी निवासी सिंचाई विभाग कर्मचारी के घर का ताला तोड़कर बदमाशों ने लाखों रुपये के जेवरात उड़ा दिए। अब तीसरी बड़ी चोरी सामने आई है।