झांसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अगले माह झांसी दौरे के दौरान होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने वालों की सूची तैयार की जाने लगी है। हालांकि, इस पर अंतिम फैसला प्रधानमंत्री कार्यालय से होगा। आयोजन में दिल्ली और लखनऊ के कई वीवीआईपी भी शामिल होंगे।
वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई के जन्मदिवस पर 19 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झांसी आ रहे हैं। वे शाम पांच से सात बजे तक किले के मैदान में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके लिए मैदान को तैयार करने का काम तेजी से जारी है। यहां सिर्फ 750 लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए सभी कुर्सियों के बीच फासला रखा जाएगा। नामों की सूची तैयार की जा रही है। यहां से ये सूची प्रधानमंत्री कार्यालय भेजी जाएगी, जिसे वहीं से अंतिम रूप दिया जाएगा। कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत केंद्र और प्रदेश के कई मंत्री व अधिकारी भी शामिल होंगे।
मानस मैदान भी किया जा रहा तैयार
झांसी। प्रधानमंत्री का कार्यक्रम किले के मैदान में होने जा रहा है। इस मैदान की तस्वीर एकदम बदल दी गई है। ऊबड़खाबड़ मैदान एकदम सपाट और साफ सुथरा हो गया है। इसके अलावा कोतवाली से सटे मानस मैदान को भी संवारा जा रहा है। इस मैदान की झाड़ियां व कचरा हटाने तथा जमीन को समतल करने काम दिन-रात जारी है।