झांसी। नगर के पार्कों के गेट पर कचरे के ढेर लगे हुए हैं। नगर निगम की अनदेखी के चलते पार्कों में खुली हवा में सांस लेने आने वाले लोगों को गंदगी से दो-चार होना पड़ता है। बावजूद, इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
सुबह व शाम नगर के पार्क गुलजार बने रहते हैं। सुबह सैर सपाटे के लिए लोग आते हैं, तो शाम को पार्कों में बच्चों का जमावड़ा हो जाता है। लेकिन, पार्कों में भी लोगों को गंदगी से छुटकारा नहीं मिल पाता है। नगर निगम की अनदेखी के चलते शहर के पार्कों के गेट पर ही कचरे के ढेर जमा रहते हैं। यहां निगम ने कचरे के कंटेनर रखे हैं, जिनकी नियमित रूप से सफाई न होने की वजह कंटेनरों में कचरा ओवरफ्लो की स्थिति में रहता है, जिससे कंटेनरों के इर्दगिर्द भी कचरा जमा हो जाता है। इससे लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। लेकिन, स्मार्ट सिटी की ओर बढ़ रहे नगर निगम का ध्यान इस ओर नहीं है।
इन पार्कों के पास जमा है गंदगी
--------------------------
- तालपुरा के नेहरू पार्क के मेन गेट के पास
- सीपरी बाजार नेहरू पार्क के छोटे गेट के सामने
- गोंदू कंपाउंड केे छोटेलाल पार्क के मेन गेट पर
- सतीश नगर के बलिदानी पार्क के गेट के पास
- लक्ष्मीबाई पार्क के गेट नंबर दो के पास
- आवास विकास का तात्या टोपे पार्क मेन गेट पर
‘पार्कों के पास गंदगी जमा होने की स्थिति बेहद असंतोषजनक है। निगम के सफाई निरीक्षकों से तत्काल कंटेनर पार्कों से दूर कराए जाएंगे। पार्कों के इर्दगिर्द गंदगी जमा नहीं होने दी जाएगी।’
- किरण राजू बुक सेलर, महापौर