झांसी। प्राइमरी स्कूल के हेडमास्टर अब कंपोजिट विद्यालय के सहायक अध्यापक माने जाएंगे। कंपोजिट विद्यालय में केवल एक हेडमास्टर होगा। इस संबंध में बेसिक के सचिव ने आवश्यक निर्देश जारी किए है।
सचिव के निर्देश पर मानव संपदा पोर्टल की अपडेट प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके तहत नव नियुक्त शिक्षकों का विवरण, सेवा पुस्तिका का विवरण, कंपोजिट विद्यालयों का यू डायस कोड सही से अंकित करने आदि के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही कंपोजिट विद्यालयों में उच्च प्राथमिक विद्यालय में एक प्रधानाध्यापक एवं प्राथमिक विद्यालय में एक प्रधानाध्यापक होने की दशा में प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक को सहायक अध्यापक उच्च प्राथमिक विद्यालय अंकित करने को कहा गया है। कंपोजिट विद्यालय की प्रक्रिया वर्ष 2020 में हुई थी। जिले में 273 कंपोजिट विद्यालय हैं। बीएसए वेदराम ने बताया कि संविलियन विद्यालय के प्राइमरी स्कूल के प्रधानाध्यापक को सहायक अध्यापक उच्च प्राथमिक अंकित किया जाएगा। मानव संपदा पोर्टल को अपडेट किया जा रहा है।
इंजीनियरों की टीम करेंगी स्कूलों में निर्माण कार्य की जांच
झांसी। बेसिक शिक्षा विभाग के स्कूलों में वर्ष 2020 - 21 एवं 2021-22 में स्वीकृत निर्माण कार्य की जांच राज्य परियोजना निदेशक कार्यालय के इंजीनियरों की टीम करेगी। झांसी में अवर अभियंता लालाराम व दिलीप शुक्ला जून में स्वीकृत निर्माण कार्यों का स्थलीय सत्यापन एवं तकनीकी जांच करेंगे, जो अपनी रिपोर्ट सीधे निदेशालय को देंगे।