झांसी। सड़क हादसे में घायल हुए युवक की शादी से महज चार दिन पहले मौत हो गई। उसकी मौत के बाद से परिजनों में कोहराम मचा है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस के मुताबिक मध्य प्रदेश के निवाड़ी कोतवाली निवासी सुशील यादव (24) पुत्र गिरन सिंह गांव में रहकर खेती-बाड़ी का काम करता था। 9 मई को उसकी शादी थी जबकि 8 मई को मंडप लगना था। शादी की तैयारियों में पूरे परिवार के लोग जुटे थे। परिजनों का कहना है सुशील चार मई को अपने दोस्त दीपक एवं शैलेंद्र के साथ बाइक से बरुआसागर जा रहा था। बरुआसागर में कंपनी बाग के पास उनकी बाइक को पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। सुशील की नाजुक हालत को देखते हुए उसे इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। यहां सुशील की उपचार के दौरान बृहस्पतिवार सुबह मौत हो गई। उसकी मौत की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। मां एवं बहनों को रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर उसका शव परिजनों को सौंप दिया।