इस बार भी बीएड को लेकर छात्र-छात्राओं में कोई रुझान नहीं दिख रहा है। हाल यह है कि तीसरे दिन ही बीएड का ग्राफ औंधे मुंह गिर पड़ा है। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के शिक्षण संस्थान स्थित केंद्र में बृहस्पतिवार को महज बीस फीसदी छात्र-छात्राएं ही काउंसलिंग कराने पहुंचे।
बीते साल की तुलना में इस बार लगभग डेढ़ लाख अधिक छात्र-छात्राओं ने बीएड की परीक्षा दी थी। इससे लग रहा था कि छात्र-छात्राओं के बीच फिर से बीएड का क्रेज लौट रहा है। मंगलवार को जब काउंसलिंग शुरू हुई, तो बीयू स्थित केंद्र में 80 फीसदी विद्यार्थी काउंसलिंग कराने पहुंचे। बुधवार को यह आंकड़ा घटकर लगभग 50 प्रतिशत रह गया। बृहस्पतिवार को 1036 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। इसमें से 197 ने टोकन लिए और 195 ने दस्तावेजों का सत्यापन कराकर फीस जमा की। दोपहर डेढ़ बजे ही अधिकतर लोगों की काउंसलिंग हो गई। इसके बाद एक्का-दुक्का छात्र-छात्राएं ही आए। यह हाल तब है, जब शुरूआती दिनों में राजकीय व सहायता प्राप्त कॉलेजों में प्रवेश मिलने का मौका होता है। अब आगे के दिनों में काउंसलिंग कराने वाले छात्रों की संख्या में इजाफा होने की उम्मीद भी नजर नहीं आ रही है। बृहस्पतिवार को काउंसलिंग कराने वाले छात्र 11 जून की रात 12 बजे तक कॉलेज की च्वाइस भर सकते हैं।
ये हो सकता कारण
बीएड काउंसलिंग में कम हो रही छात्रों की संख्या का मुख्य कारण कई विश्वविद्यालयों के परीक्षा परिणाम न निकल पाना है। मौजूदा समय में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय समेत कुछ ही यूनिवर्सिटी हैं, जिन्होंने अपने यहां के रिजल्ट निकाल दिए हैं। इस साल स्नातक की परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों की संख्या लगभग डेढ़ लाख है। चूंकि काउंसलिंग कराने आने वाले छात्रों को इंटरनेट की मार्कशीट को अपने विश्वविद्यालय से सत्यापित कराकर आना होता है, ऐसे में बिना परीक्षा परिणाम निकले ये छात्र काउंसलिंग नहीं करा सकते हैं।
-डॉ.प्रतीक अग्रवाल
समन्वयक, बीएड काउंसिलिंग
नहीं मिले पिन नंबर, ओटीपी
फीस जमा करने के बाद छात्र-छात्राओं के मोबाइल नंबर पर ओटीपी अथवा पिन नंबर आता है, जिसके आधार पर वह कॉलेज की च्वाइस भरते हैं। बृहस्पतिवार को तकनीकी समस्या के कारण कई छात्रों के फोन पर ओटीपी अथवा पिन नंबर नहीं आए। ऐसे में अभ्यर्थी परेशान हुए। इस पर काउंसलरों ने समझाया कि कॉलेज की च्वाइस भरने का मौका शुक्रवार से मिलेगा, इसलिए थोड़ी देर इंतजार कर लें। काउंसलरों ने बताया कि शुक्रवार को सभी के फोन पर पिन, ओटीपी नंबर आ जाएंगे।