अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। सोमवार दोपहर मसीहागंज में अतिक्रमण हटाने पहुंचे नगर निगम दस्ते को जमकर विरोध झेलना पड़ा। कार्रवाई के दौरान मौजूद पार्षद एवं पूर्व पार्षद आपस में भिड़ गए। हंगामे के चलते बिना कार्रवाई किए दस्ता लौट गया। निगम अफसरों ने कब्जाधारक को अतिक्रमण हटाने के लिए दो दिन की मोहलत दी है।
अपर नगर आयुक्त रोली गुप्ता की अगुवाई में नगर निगम का दस्ता मसीहागंज स्थित छोटी मां के मंदिर के सामने स्थित आरके पान शॉप का अतिक्रमण हटवाने पहुंचा। निगम अफसरों के मुताबिक सड़क के मोड़ पर रैंप बनवाया गया है। यदि भूल से कोई वाहन चालक उस चबूतरे से टकरा जाता है तो दुकानदार विवाद करके मोटी धनराशि वसूलता है। कई बार इस वजह से विवाद हो चुका है। दस्ते के पहुंचने पर पूर्व पार्षद राजू साहू दर्जनों लोगों के साथ वहां पहुंच गए और कार्रवाई का विरोध करने लगे। पार्षद बाल स्वरूप कार्रवाई की मांग करने लगे। दोनों का आपस में विवाद होने लगा। निगम अफसरों ने समझाने की कोशिश की लेकिन, विवाद बढ़ता गया। विवाद न थमने पर दस्ता कार्रवाई बीच में रोककर बैरंग लौट गया। अपर नगर आयुक्त ने दो दिन की मोहलत दी है।
इनसेट
सड़क की पटरी से खदेड़े गए 75 दुकानदार
चित्रा चौराहे से नंदनपुर चौराहे एवं पहूंज नहर तक अतिक्रमण रोधी अभियान चलाया गया। इस दौरान निगम दस्ते ने 75 दुकानों को सड़क, फुटपाथ से हटाया। सड़क पटरी पर कब्जा जमाने वालों से दस्ते ने 19,500 का जुर्माना वसूला। दस्ते ने मार्बल दुकानदार समेत, मोटर एजेंसी एवं रेस्टोरेंट संचालकों से भी जुर्माना वसूला। दस्ते की कार्रवाई से पटरी कारोबारियों में हंगामा मचा रहा।