अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बाहर लक्ष्मी गेट स्थित कुलदीप सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में तैनात कैशियर नीतेश तलवानी निवासी पीएसी लाइन राजगढ़ स्कूल में विद्यार्थियों की फीस के तौर पर मिले 3.03 लाख रुपये लेकर लापता हो गया। पिछले करीब 26 दिनों से उसका कुछ पता नहीं चल रहा है। प्रधानाचार्य ने कोतवाली में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है।
प्रधानाचार्य कुलदीप सिंह ने पुलिस को बताया कि उनके विद्यालय में 20 अगस्त को कैशियर पद पर नीतेश तलवानी की नियुक्ति की गई थी। नीतेश विद्यालय में 20 अगस्त से 19 दिसंबर के बीच तैनात रहा। इसके बाद उसने अचानक विद्यालय आना बंद कर दिया। कई बार संपर्क करने पर उसकी ओर से कोई जवाब नहीं आया। शक होने पर जब उन्होंने कैशबुक चेक कराई तो उसमें 3.03 लाख रुपये कम मिले। यह पैसा बैंक में भी जमा नहीं कराए गए थे। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों से मिली फीस की रकम को कैशियर नीतेश अपने पास रखता था। यह पूरी रकम लेकर वह भाग निकला। कोतवाल विद्यासागर सिंह के मुताबिक आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।