झांसी। झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित दिगारा में बिना मानचित्र स्वीकृत के इमारत का निर्माण कार्य कराया जा रहा था। झांसी विकास प्राधिकरण ने नोटिस जारी कर निर्माण कार्य को रोकने का आदेश दिया था। नोटिस की अनदेखी करने पर शनिवार को निर्माणाधीन इमारत को सील कर दिया गया है।
शहर में बिना मानचित्र व स्वीकृत मानचित्र के विपरीत कराए जा रहे निर्माणों पर जेडीए ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। अवर अभियंताओं के क्षेत्रवार अवैध निर्माणों को चिह्नित करने का आदेश जारी किया गया है। जिसके चलते शहर भर में बिना मानचित्र के निर्माणाधीन इमारतों व भवनों की सूचि को तैयार किया गया है। उसी क्रम में दिगारा मुख्यमार्ग पर लगभग पांच सौ वर्गमीटर क्षेत्रफल में भवन स्वामी रवि राय द्वारा मानचित्र स्वीकृत कराए बिना ही निर्माण कार्य कराया जा रहा था। निर्माण कार्य को रोकने व अपना पक्ष रखने के लिए झांसी विकास प्राधिकरण द्वारा नोटिस जारी करते हुए 31 जुलाई की तारीख निर्धारित की गई थी। भवन स्वामी द्वारा नोटिस की अनदेखी कर निर्माण कार्य को जारी रखा था। इस पर जेडीए ने इमारत को सील कर दिया गया है। कार्रवाई के दौरान जेई विनीत शर्मा, सुखवीर सिंह, घनश्याम तिवारी, संजय गुप्ता व कर्मचारी संतोष वर्मा मौजूद रहे। इस संबंध में झांसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष सर्वेश कुमार दीक्षित ने बताया कि नोटिस की अनदेखी करने पर इमारत को सील कर दिया है।