झांसी। सीपरी बाजार के लहरगिर्द इलाके में एक युवक का शव निर्माणाधीन मकान के अंदर सीवर टैंक में मिला। युवक मंगलवार से अपने घर से लापता था। पिछले कई साल से वह अपने दूर के रिश्ते की भाभी के संग लिव इन रिलेशन में रह रहा था।
लहर गिर्द निवासी नवल अहिरवार राज मिस्त्री था। दो दिनों से वह काम पर नहीं जा रहा था। भाई छोटू का कहना है मंगलवार शाम को वह बिना बताए घर से चला गया। बुधवार सुबह घर से करीब एक किलोमीटर दूर निर्माणाधीन एक मकान में काम करने वाले मजदूरों ने नवल का शव सीवर टैंक में उतराता देखा। सूचना पुलिस को दी गई। शव की शिनाख्त नवल के रूप में हुई। मौके पर पहुंचे नवल के भाई छोटू का कहना है कि नवल अपने दूर के रिश्तेदार की पत्नी के संग पिछले कई साल से लिव इन रिलेशन में रह रहा था। महिला के पहले पति से तीन बच्चे हैं। इसी बात को लेकर नवल की रंजिर्श चल रही है। घटना के बाद से महिला का भी पता नहीं है। उसने हत्या की आशंका जताई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पाया कि टैंक में गिरने से पहले हो चुकी थी मौत
नवल के शव के पोस्टमार्टम ने पुलिस की पूरी कहानी पलट दी। पाया गया कि टैंक में गिरने से पहले ही नवल की मौत हो चुकी थी। दस से पंद्रह मिनट तक वह टैंक के बाहर ही पड़ा रहा। हालांकि उसके शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले। आशंका जताई जा रही है कि नवल को जहरीला पदार्थ खिलाया गया। मौत के बाद ही उसे टैंक में गिराया गया। पुलिस ने विसरा सुरक्षित रख लिया है। वहीं सीपरी बाजार थाना इंस्पेक्टर चंद्रशेखर दुबे का कहना है कि छानबीन के दौरान नवल के मिर्गी से ग्रसित होने की बात मालूम चली है। संभव है दौरा आने पर वह टैंक मेें गिर पड़ा।