शहर के मुख्य बाजार मानिक चौक का अतिक्रमण काफी समय से लोगों के लिए जी का जंजाल बना हुआ है। सड़कों पर दुकानदारों ने ही अतिक्रमण कर रखा है। जिसके चलते पल-पल जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे राहगीरों के अलावा अन्य लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सहालग के शुरू होते ही बाजारों में भीड़-भाड़ शुरू हो गई है। शहर के अलावा आस-पास के क्षेत्रों के लोग भी बाजारों में खरीदरी करने के लिए आ रहे हैं। खरीदारी करने के लिए शहर का मुख्य बाजार मानिक चौक हमेशा से ही लोगों की पहली पसंद बना हुआ है, लेकिन यहां अतिक्रमण होने के चलते खरीदारी करने के लिए आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। बाजार के दुकानदारों के अलावा बेतरतीब तरीके से लगे ठेले वालों द्वारा अतिक्रमण होने के कारण ही पल-पल जाम की स्थिति बनी रहती है। कई बार दुकानदारों व राहगीरों में नोक झोंक होती देखी गई है। कुछ समय प्रशासनिक अफसरों ने मानिक चौक के अलावा आसपास के क्षेत्रों से अतिक्रमण को हटाया गया था। जिससे बाजार की स्थित काफी दुरुस्त हो गई थी। बाद में प्रशासन की लापरवाही के चलते धीरे-धीरे मानिक चौक में फिर से अतिक्रमण कर लिया गया है।
डाकघर जाना मुश्किल
मानिक चौक स्थित डाक घर को अतिक्रमणकारियों ने पूरी तरह से घेर लिया है। डाकघर में काम के लिए आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा चंद्रशेखर आजाद की मूर्ति के आसपास बेतरतीब तरीके से लगे ठेले वालों ने मूर्ति के चारों ओर ठेलों को लगा रखा है। जिससे हर पल जाम की स्थिति बनी रहती है।
.
मानिक चौक में पीआरडी जवानों की तैनाती की गई है। जाम की सूचना पर तुरंत पुलिस बल भेजकर जाम को हटाया जाता है। अतिक्रमण हटाने की योजना बनाई जा रही है। जल्द ही बाजार को पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा।
संजय सिंह, शहर कोतवाल