अमर उजाला ब्यूरो
झांसी/मऊरानीपुर। मऊरानीपुर के टकटौली गांव में मंगलवार दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में किशोरी गंभीर रूप से झुलस गई। घर का दरवाजा खुला हुआ था। धुआं निकलता देख पड़ोसियों ने आग बुझाई। नाजुक हाल में उसे मेडिकल कॉलेज लाया गया। यहां कुछ देर बाद उसने दम तोड़ दिया। पुलिस इसे आत्महत्या का मामला बता रही है हालांकि आगे भी छानबीन की जा रही है।
टकटौली गांव निवासी काशीराम मंगलवार सुबह खेत चला गया। घर में बेटी किरण (14) एवं छोटा बेटा रोहित थे। परिजनों ने पुलिस को बताया दोपहर करीब बारह बजे किसी काम से रोहित घर से बाहर चला गया। घर में किरण अकेली थी। कुछ देर बाद घर से धुआं निकलने के साथ किरण के चीखने-चिल्लाने की आवाज आने लगी। शोर-शराबा सुनकर पड़ोसी पहुंच गए। पड़ोसियों ने पानी डालकर किसी तरह आग बुझाई। तब तक किरण सत्तर फीसदी तक झुलस चुकी थी। सूचना मिलने पर पिता समेत अन्य परिजन पहुंच गए। गंभीर हाल में उसे मेडिकल कॉलेज लाया गया। गंभीर रूप से झुलसने से उसकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। वहीं, थाना प्रभारी शिव कुमार राठौर का कहना है किरण की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी। इस वजह से परिवार के लोग उसका झांड-फूंक करा रहे थे। आशंका जताई जा रही मानसिक तौर पर परेशान होने पर उसने आत्मघाती कदम उठाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस आगे भी मामले की छानबीन कर रही है।