झांसी। आगामी विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए कांग्रेस द्वारा बाराबंकी से निकाली गई प्रतिज्ञा यात्रा का समापन हो गया। मिनर्वा चौराहा स्थित किले के मैदान में हुई जनसभा में पार्टी के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी ने भाजपा और सपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने बिना नाम लिए कहा कि चाय बेचने वाला पूरा भारत देश बेच रहा है। बहकावे में आने की जरूरत नहीं है। समाजवादी पार्टी मुसलमानों की हितैषी बनने का ढोंग कर रही है।
सोमवार को प्रतिज्ञा यात्रा महारानी लक्ष्मीबाई पार्क से शुरू हुई और जीवनशाह, इलाइट चौराहा, गोविंद चौराहा होते हुए मिनर्वा चौराहा पहुंची। किले के मैदान में यात्रा सभा में बदल गई। इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि प्रियंका गांधी ने विधानसभा चुनाव को लेकर सात प्रतिज्ञाएं की हैं। विधानसभा चुनाव में महिलाओं को 40 प्रतिशत टिकट, छात्राओं को स्मार्ट फोन और स्कूटी, किसानों का पूरा कर्जा माफ होगा, 2500 रुपये गेहूं और धान और 400 रुपये प्रति क्विंटल गन्ना मूल्य, बिजली का बिल आधा और कोरोना काल का बकाया माफ होगा, कोरोना के कारण आर्थिक मार झेल रहे परिवार को 25 हजार रुपये की सहायता और 20 लाख लोगों को सरकारी रोजगार दिया जाएगा। अच्छे दिन आने का वादा करने वालों ने रेल, तेल और हवाई अड्डा बेच दिया है। झांसी वाले अब झांसे में आने वाले नहीं है।
राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार की हार निश्चित है। पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग का हित कांग्रेस में सुरक्षित है। इस मौके पर पूर्व सांसद राकेश सचान, सत्यनारायण पटेल, पूर्व सांसद बृजलाल खाबरी, डा. सुधांशु त्रिपाठी, प्रदेश महासचिव राहुल रिछारिया, जयवंत सिंह, जिला प्रभारी अखिलेश शुक्ला, जिलाध्यक्ष भगवानदास कोरी, राजेंद्र शर्मा, महानगर अध्यक्ष अरविंद वशिष्ठ, शिवनारायण सिंह, डा सुनील तिवारी, वरुण गुप्ता कानपुर, इम्तियाज हुसैन, अमीर चंद, नीता अग्रवाल, मनीराम कुशवाहा, हरवंश लाल, प्रभा पाल, एचपी पटेल, अफसर खान, अनिल रिछारिया, राहुल राय, इदरीश खान, सरला भदौरिया, शफीक अहमद मुन्ना, मीना आर्य, मुन्नी कनौजिया, अखलाक मकरानी, राशि साहू, यूथुप जैन आदि मौजूद रहे।