झांसी। थाना ककरबई क्षेत्र से एक महिला के लापता होने पर पुलिस में हड़कंप मच गया। महिला एक व्यक्ति के साथ भागकर एक मकान में रहने लगी। मोबाइल बंद कर उसने पुलिस को खूब छकाया। लंबी जांच व पड़ताल के बाद पुलिस ने महिला व एक व्यक्ति को बरामद कर लिया है। ससुरालियों पर लगाए गए आरोप भी झूठे निकले। महिला को बरामद करने के बाद बृहस्पतिवार को पुलिस अदालत में बयान दर्ज कराएगी।
थाना ककरबई क्षेत्र निवासी एक महिला का मायका जालौन जिले के थाना चुर्खी क्षेत्र में है। 5 दिसंबर को वह मायके में शादी में शामिल होने की कहकर घर से निकली थी। वह अपने साथ जेवरात भी ले गई थी। मायके न पहुंचने पर परिजनों ने ककरबई थाना पहुंचकर उसके लापता होने की जानकारी पुलिस को दी। महिला के लापता होने की खबर मिलते ही पुलिस बैचेन हो गई। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर गायब करने का आरोप भी लगाया। इस पर पुलिस ने ससुरालियों को हिरासत मेें लेकर पूछताछ करती रही। महिला का मोबाइल बंद होने से पुलिस चकरघिन्नी बनी रही। सात दिसंबर को पुलिस ने एक गांव से महिला को बरामद किया। उसके साथ एक व्यक्ति भी मिला। पूछताछ करने पर पता चला कि वह गांव के व्यक्ति के साथ भागकर आ गई थी। ससुरालियों पर उल्टा मुकदमा दर्ज कराने के लिए मोबाइल बंद कर लिया था। पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर थाने लाई। पूछताछ के बाद ससुरालियों पर लगे आरोप भी झूठे निकले। पता चला है कि महिला ने पति के साथ रहने से भी इंकार कर दिया है। अब बृहस्पतिवार को पुलिस महिला को अदालत में पेश करेगी।