रानीपुर में खुदाई के दौरान निकले ब्रिटिश काल के सिक्के हाथ में लिए एसडीएम।
- फोटो : DEHAT
रानीपुर (झांसी)। लुहरगांव घाट पर बन रहे पुल के नीचे सुखनई नदी में डाली जाने वाली पाइप लाइन के लिए की जा रही खुदाई के दौरान ब्रिटिश शासन काल के चांदी के 80 सिक्के बरामद किए गए हैं। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि सिक्के काफी थे लेकिन खुदाई कर रहे लोग कुछ सिक्के लेकर भाग गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने 80 सिक्के बरामद कर एसडीएम को सौंपे। जिला पुरातत्व अधिकारी एसके दुबे ने बताया कि ये सिक्के 1901-02 के हैं। किसी ने नदी के किनारे मटके में भरकर सिक्के गाड़ दिए होंगे, लेकिन वह बाद में निकाल नहीं सका। सिक्के मालखाने में रखवा दिए जाएंगे। इसके बाद उनको राजकीय संग्रहालय में रखा जाएगा।
सुखनई नदी में लुहरगांव की तरफ से लाइन पाइप लाइन बिछाने का काम चल रहा था। नदी के बीचोंबीच पाइप लाइन बिछाने के लिए सोमवार को जेसीबी से खुदाई के दौरान सिक्के निकले। सिक्के देख जेसीबी चालक ने खुदाई बंद कर दी। वह सिक्के निकालने लगा। सिक्के निकलने की जानकारी होते ही कई लोग वहां इकट्ठा हो गए। कुछ लोग सिक्के लेकर भी भाग गए। जानकारी मिलते ही चौकी प्रभारी अजीत शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसी तरह भीड़ को हटाया। पुलिस को मौके से 80 सिक्के मिले हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचे एसडीएम मृत्युंजय नारायण मिश्रा को सिक्के सौंप दिए। एसडीएम ने इस संबंध में जानकारी जिला पुरातत्व अधिकारी को दी। जहां पर सिक्के मिले हैं वहां पर पुलिस तैनात रही।
पुलिस को करनी पड़ी कड़ी मशक्कत
मौके पर पहुंची हजारों की भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को कई बार कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। भीड़ को हटाने के लिए लाठियां भांजीं। पुलिस बल ने किसी तरह लोगों को वहां से हटाया।