संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। ग्वालियर स्टेशन से रविवार की रात शताब्दी एक्सप्रेस रवाना हुई, तभी कुछ अज्ञात लोगों ने ट्रेन पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। पत्थरों से सी-5 कोच की खिड़की का कांच टूट गया। यह घटना बिरला नगर और रायरू स्टेशन के बीच हुई। इससे 10 दिन पहले भी नई दिल्ली जाने वाली शताब्दी पर दतिया के पास पथराव हुआ था।
ग्वालियर के गोविंदपुरी की रहने वाली सीमा श्रीवास्तव ने बताया कि वह अपनी बेटी रेलिश्या के साथ दिल्ली जा रही थी। वह सी-5 कोच में बैठी थी। सीमा ने बताया कि जैसे ही ट्रेन बिरला नगर से आगे बढ़ी, तभी एक पत्थर उनकी खिड़की से टकराया। तेज आवाज के साथ शीशा टूट गया। हालांकि, उन्हें कोई चोट नहीं आई लेकिन तेज आवाज के साथ टूटे कांच से कोच के अंदर भय का माहौल बन गया।
12 जून को भी इस ट्रेन पर दतिया के पास सोनागिर में पथराव हुआ था। उस घटना में एसी कोच की दो खिड़कियां टूट गई थीं। पुलिस ने उस मामले में एक मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति को पकड़ा था। इस घटना के बाद आरपीएफ की सूचना पर टीम भेजी गई पर मौके पर उन्हें कोई नहीं मिला। आरपीएफ कमांडेंट विवेकानंद नारायण ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।