झांसी। झांसी स्टेशन से सात किलोमीटर दूर मुस्तरा में खड़ी बरौनी एक्सप्रेस पर शनिवार दोपहर पथराव होने से एसी कोच का कांच क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना पर आरपीएफ ने छानबीन की, लेकिन मौके पर कोई संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिला। आरपीएफ ने मामला दर्ज कर शरारती तत्व की तलाश शुरू कर दी है।
ग्वालियर से चलकर बरौनी जा रही बरौनी एक्सप्रेस (11123) शनिवार दोपहर 1:42 बजे झांसी से रवाना हुई। इसके बाद मुस्तरा स्टेशन पर रुकी थी, इसी बीच किसी शरारती तत्व ने गाड़ी पर पथराव कर दिया। एक पत्थर एसी कोच नंबर ए-1 के कांच में लगने से कांच क्षतिग्रस्त हो गया। खड़ी गाड़ी पर पत्थर लगने से कोच में तेज आवाज से यात्री सहम उठे। गौरतलब है कि पथराव की घटनाओं को लेकर लगातार सख्ती व जागरूकता के बाद भी शरारती लोग रेल सुरक्षा एजेंसियों के लिए मुसीबत बढ़ा रहे हैं।
00000000
पिछले चार माह की प्रमुख घटनाएं
- नौ मार्च को दिल्ली जा रही शताब्दी एक्सप्रेस पर सिथौली व सोनागिर के बीच पथराव, सी-6 कोच के कांच टूटे
- 15 मई को ग्वालियर में ताज एक्सप्रेस के डी-1 कोच में आपातकालीन खिड़की पर पथराव कर कांच तोड़ा
- 16 मई को खजुराहो वंदेभारत में तालबेहट के समीप पथराव, सी-14 कोच का कांच क्षतिग्रस्त
- 25 जून को करारी व चिरुला के बीच गतिमान एक्सप्रेस में पथराव, ई-2 कोच का कांच क्षतिग्रस्त
- 27 जून को बरौनी मेल में मुस्तरा स्टेशन के समीप पथराव, ए-1 कोच का कांच क्षतिग्रस्त
000000
पत्थरबाजों के खिलाफ लगातार निगरानी की जा रही है। गतिमान और बरौनी में हुई पथराव की घटनाओं के आरोपी चिह्वित हो गए हैं। जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। पथराव की घटनाओं को लेकर सेक्शन चिह्वित किए जा रहे है, जागरुकता अभियान के अलावा पेट्रोलिंग बढ़ाई गई है।
जितेंद्र कुमार शर्मा, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ