संवाद न्यूज एजेंसी
टोड़ी फतेहपुर। बृहस्पतिवार की शाम टोड़ी फतेहपुर थाना इलाके के ग्राम करकोस में दो पक्षों में जमकर विवाद हुआ। इस दौरान लाठी-डंडे चले और दहशत फैलाने की गरज से हवाई फायरिंग भी की गई। घटना में पिता-पुत्र घायल हो गए। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
ग्राम ककवारा निवासी एक व्यक्ति की पत्नी की बहन से गांव का एक युवक फोन पर बात करता था। बृहस्पतिवार की शाम इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। युवक और उसके कुछ साथी गांव में पहुंचे। उन्होंने दूसरे पक्ष के पुष्पेंद्र अहिरवार पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। चीख-पुकार सुनकर पिता गोविंददास अहिरवार उसे बचाने पहुंचा। इस पर विपक्षियों ने उसके साथ भी मारपीट कर दी। घटना में दोनों घायल हो गए। इसके बाद हमलावर हवाई फायरिंग करते हुए मौके से भाग गए। सूचना पर मौके पर थानाध्यक्ष अतुल कुमार राजपूत के साथ पुलिस टीम पहुंच गई। घायलों को आनन-फानन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसराय भेजा गया। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी हुई है।