झांसी। कोहरा छंटने के बाद भी कई ट्रेनों का संचालन पटरी पर नहीं लौट सका है। मंगलवार को शताब्दी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटों देरी से आईं। इससे यात्री परेशान रहे।
मंगलवार को नई दिल्ली से हबीबगंज जाने वाली वीआईपी ट्रेन 12002 शताब्दी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से सवा दो घंटे की देरी से आई। वापसी में भी यह ट्रेन दो घंटे लेट हो गई।
ट्रेन में सफर करने वाले उच्च वर्ग के यात्रियों को प्लेटफार्म पर पल- पल काटना मुश्किल बना रहा। इसी तरह चेन्नई से निजामुद्दीन जाने वाली 12269 दूरंतो एक्सप्रेस सात घंटे, 12144 सुलतानपुर लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस पांच घंटे, 12174 उद्योग नगरी एक्सप्रेस चार घंटे, 12050 गतिमान एक्सप्रेस एक घंटे, 12707 एपी संपर्क क्रांति, 12138 पंजाब मेल दो घंटे, 12646 स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस एक घंटे, नई दिल्ली से विशाखापटनम जाने वाली 22416 एपी एक्सप्रेस, 15066 पनवेल गोरखपुर एक्सप्रेस एक घंटे आदि ट्रेनें देरी से आईं। ट्रेनों की जानकारी लेने के लिए यात्रियों की पूछताछ कार्यालय में भीड़ लगी रही। वहीं, रेलवे को तीन घंटे से अधिक देरी से चल रही ट्रेनों के इच्छुक यात्रियों को पूरा किराया वापस करना पड़ा।