कांग्रेस की स्टार प्रचारक एवं राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के बृहस्पतिवार को होने वाले रोड शोे को देखते हुए एसपीजी ने सुरक्षा व्यवस्था टटोली। अधिकारियों के साथ टीम ने इलाकोें का निरीक्षण कर ब्लू प्रिंट तैयार किया। देर शाम अधिकारियों व एसपीसी के बीच हुई बैठक में भी सुरक्षा पर चर्चा हुई। खुफिया एजेंसियों को भी सतर्क कर दिया गया है, जो गोपनीय तरीके से नजर रखेंगी। उनको एसपीजी सुरक्षा मिलने के कारण इर्द-गिर्द कोई फटक नहीं पाएगा।
बृहस्पतिवार को सुबह 10.30 बजे ग्वालियर रोड स्थित हवाई पट्टी पर प्रियंका गांधी का हेलीकॉप्टर उतरेगा। यहां से वे सिद्धेश्वर मंदिर पहुंचकर दर्शन करेंगी। बुधवार को चित्रा चौराहे के पास एक होटल मेें आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस कोआर्डिनेटर धीरज गावा ने बताया कि प्रियंका गांधी का रोड शो सिंधी चौराहा स्थित शहर कांग्रेस कार्यालय से सुबह ग्यारह बजे शुरू होकर मानिक चौक, मालिनों का चौराहा, बड़ाबाजार, गांधी रोड, सुभाष गंज, तलैया, ओरछा गेट, कसाई मंडी, कपूर टेकरी होकर एवट मार्केट पर खत्म होगा। वह सिंधी तिराहे पर बने छह कुंड महादेव मंदिर पर दर्शन भी करेंगी।
जगह-जगह रुकेगा यातायात
प्रियंका के रोड शो को देखते हुए यातायात व्यवस्था का भी खाका तैयार किया गया है। इस दौरान किसी भी तरह का रूट डायवर्जन नहीं किया गया है। जिस स्थान से उनका काफिला निकलेगा, वहां-वहां कुछ समय के लिए बेरीकेडिंग लगाकर यातायात रोका जाएगा और उनके जाते ही सुचारु होगा। मानिक चौक पहुंचने से पहले मिनर्वा समेत आसपास के इलाकोें का यातायात रोका जाएगा। इस दौरान कई थानों का फोर्स भी व्यवस्था में जुटा रहेगा।
- कांग्रेस ने जारी किया स्थानीय घोषणा पत्र
झांसी। कांग्रेस ने बुधवार को स्थानीय घोषणा पत्र भी जारी कर दिया। घोषणा पत्र में बुनकर समुदाय के सतत विकास के लिए कार्य योजना, आवारा पशुओं से फसलों को होने वाले नुकसान को रोकने की व्यवस्था, सिंचाई परियोजना की शुरूआत, यूपीए सरकार द्वारा शुरू किए गए बुंदेलखंड पैकेज को दोबारा शुरू करने, सफाई कर्मचारियों के वेतन- भत्तों की समस्या को हल करने, ललितपुर में वनाधिकार कानून प्रवर्तन किए जाने का वादा किया गया।
इस मौके पर पूर्व मंत्री प्रदीप जैन, पूर्व विधायक बृजेंद्र व्यास, जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी, शहर अध्यक्ष इम्तियाज हुसैन, राजीव रिछारिया, नीता अग्रवाल, सरला सिंह भदौरिया मौजूद रहे।