झांसी। झांसी-ललितपुर राजमार्ग पर बीती रात एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने एक बाइक में टक्कर मार दी। बाइक पर तीन युवक सवार थे। इसमें से एक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो गंभीर रुप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है।
पुलिस के मुताबिक चिरगांव के धरमपुरा निवासी नरेंद्र कुमार (32) बिजौली स्थित दाल मिल में काम करता था। वह बिजौली में ही किराया का कमरा लेकर रहता था। शुक्रवार रात वह काम निपटने के बाद अपने भाई हेमंत (24) एवं हरदेव (30)के साथ अपने कमरे पर जा रहा था। जैसे ही वह पावर हाउस तिराहे के पास पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे चार पहिया वाहन ने उनकी मोटर साइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद चार पहिया वाहन मौके से फरार हो गया। तीनों मोटर साइकिल सवारों के सड़क पर गिरने से उनको गंभीर चोट आ गई। नरेंद्र मोटर साइकिल चला रहा था। उसके सिर पर पांव में गहरी चोट आ गई। मौके ही उसका अधिक खून बह गया। हेमंत एवं हरदेव भी गंभीर रुप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायलों को उसने अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने नरेंद्र को मृत घोषित कर दिया जबकि हेमंत एवं हरदेव की गंभीर हालत को देखते हुए उनको मेडिकल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने नरेंद्र के शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। उधर, घटना की सूचना जैसे ही नरेंद्र के घर पहुंची वहां कोहराम मच गया। रोते-बिखलते परिजन अस्पताल पहुंच गए।