झांसी। नई दिल्ली से झांसी होकर जाने वाली चारों एसी स्पेशल ट्रेनें अपने पूर्व निर्धारित (राजधानी एक्सप्रेस के तय समय) वक्त पर ही झांसी आएंगी। ये ट्रेनें पांच मिनट के लिए झांसी में रुकेंगी। इस निर्धारित समय में ही यात्रियों को इन गाड़ियों में सवार होना पड़ेगा। नई दिल्ली से बिलासपुर जाने वाली पहली स्पेशल ट्रेन मंगलवार रात 8:55 बजे झांसी आएगी। इन ट्रेनों के संचालन को लेकर मंडल अधिकारी व कर्मचारियों ने अपनी तैयारी कर ली है।
कोरोना महामारी से बचाव को लेकर 25 मार्च से ट्रेनों का संचालन बंद चल रहा है। रेलवे ने एक मई से अलग- अलग राज्यों की सहमति पर श्रमिक एक्सप्रेस गाड़ियों का संचालन शुरू किया। इन ट्रेनों में श्रमिकों से कोई किराया नहीं लिया जा रहा है। अब 12 मई से अप और डाउन की तीस सवारी ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। ये सभी गाड़ियां राजधानी एक्सप्रेस हैं, जिनको स्पेशल ट्रेनें बनाकर चलाया जा रहा है। किराया मुसाफिरों को राजधानी एक्सप्रेस के बराबर ही अदा करना है। सोमवार की शाम से इन ट्रेनों में ऑनलाइन टिकटों की बुकिंग शुरू हो गई। इनमें चार ट्रेनें झांसी होकर गुजरेंगी, जिनका यहां पांच से आठ मिनट का ठहराव होगा। ये ट्रेनें नई दिल्ली से चेन्नई सेंट्रल, नई दिल्ली से बिलासपुर, नई दिल्ली से सिकंदराबाद और नई दिल्ली से बंगलूरू की तरफ चलेंगी।
- नई दिल्ली से बंगलूरू सिटी जाने वाली ट्रेन नंबर 02692 प्रतिदिन चलेगी। यह ट्रेन नई दिल्ली से 14 मई की रात 9.15 बजे चलकर झांसी रात 1.15 बजे आएगी। बंगलूरू सिटी से 12 मई की रात 8.30 बजे चलकर झांसी तीसरे दिन रात 12.35 बजे आएगी। इस ट्रेन को अनंतपुर, गुंतकल, सिंकदराबाद, नागपुर, भोपाल व झांसी स्टेशन पर ठहराव दिया गया है।
- नई दिल्ली से चेन्नई सेंट्रल जाने वाली ट्रेन नंबर 02434 बुधवार व शुक्रवार को शाम चार बजे व चेन्नई सेंट्रल से नई दिल्ली जाने वाली 02433 शुक्रवार व रविवार को सुबह 6.35 बजे चलेगी। नई दिल्ली से आने वाली यह ट्रेन झांसी रात 8.35 बजे और चेन्नई से आने वाली गाड़ी सुबह 5.06 बजे आएगी। इस ट्रेन का संचालन नई दिल्ली से 13 मई व चेन्नई से 15 मई को शुरू होगा। इस ट्रेन को विजयवाड़ा, वारांगल, नागपुर, भोपाल, झांसी व आगरा स्टेशन पर ठहराव दिया गया है।
- नई दिल्ली से बिलासपुर जाने वाली ट्रेन नंबर 02442 मंगलवार और शनिवार को चलेगी। यह ट्रेन नई दिल्ली शाम चार बजे रवाना होकर झांसी रात 8.55 बजे आएगी। 02441 बिलासपुर से सोमवार और बृहस्पतिवार को दोपहर 2.40 बजे चलकर झांसी तीसरे दिन सुबह 5.50 बजे आएगी। नई दिल्ली से यह ट्रेन 12 मई व बिलासपुर से 14 मई से चलेगी। इस ट्रेन को रायपुर, नागपुर, भोपाल व झांसी स्टेशन पर ठहराव दिया गया है।
- नई दिल्ली से सिकंदराबाद जाने वाली ट्रेन नंबर 02438 रविवार को चलेगी। यह ट्रेन 17 मई को नई दिल्ली से शाम चार बजे चलकर झांसी रात 8.55 बजे आएगी। 02437 सिकंदराबाद से 20 मई बुधवार को दोपहर 1.15 बजे चलकर तीसरे दिन सुबह 6.02 बजे झांसी आएगी। इस ट्रेन को नागपुर, भोपाल व झांसी स्टेशन पर ठहराव दिया गया है।
तीन सौ से अधिक यात्रियों ने बुक कराए टिकट
आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर सोमवार की देर रात तक तक नई दिल्ली में फंसे तीन सौ से अधिक यात्रियों ने झांसी के लिए टिकट बुक कराए। हालांकि वेबसाइट के बार- बार हैंग होने के कारण यात्री टिकट बुक करने के लिए परेशान होते रहे।
इन बातों का रखना होगा ध्यान
------------------------
- ई टिकटों की बुकिंग सिर्फ आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर हो रही है।
- ट्रेन में सिर्फ कंफर्म टिकट वाले यात्रियों को ही यात्रा करने की अनुमति दी जाएगी।
- सात दिन पहले तक ही एडवांस टिकट बुक करा सकते हैं।
- इन ट्रेनों में तत्काल टिकट की कोई व्यवस्था नहीं है।
- ई टिकट में वरिष्ठ नागरिक व अन्य रियायतें नहीं दी जा रहीं हैं।
- यात्रियों को खाना और पानी साथ लेकर चलना होगा।
- यात्रियों को ट्रेन आने के 90 मिनट पहले स्टेशन पर पहुंचना होगा।
- यात्रियों को एसी की ठंडक से बचाव के लिए कंबल साथ लेकर चलना होगा।
- कंफर्म टिकट वाले यात्री अपनी गाड़ी से स्टेशन तक जा सकते हैं।
- रेलवे स्टेशन के अंदर जाने के लिए प्लेटफार्म नहीं मिलेगा।
- सर्दी, जुकाम व बुखार से पीड़ित यात्रियों को सफर करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
- सफर के दौरान यात्रियों को फेस मास्क लगाकर व सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना होगा।
- रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही प्लेटफार्म पर प्रवेश मिलेगा।
स्टेशन पर ये भी उठाए जाएंगे कदम
--------------------
- जीआरपी पुल रहेगा बंद, मुख्य द्वार से ही होगा प्रवेश व निकास
- परिसर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे दो, तीन और चार पहिया वाहन
- ट्रेनों से आने वाले यात्री बीच वाले पुल से होकर मुख्य पोर्टिको (प्रवेश द्वार) से बाहर निकलेंगे।
- यात्री स्क्रीनिंग कराने व मेटल डिटेक्टर से गुजरने के बाद प्लेटफार्म पर जाएंगे।
- एक से दूसरे प्लेटफार्मों पर जाना है तो वे एस्केलेटर पुल का उपयोग करेंगे।
- मुख्य पोर्टिको के बीच रस्सी बांधकर डिवाइडर बनाया जाएगा।
- प्लेटफार्म पर अनाधिकृत व्यक्तियों पर नजर रखने के लिए टीमें बनेंगी।
- सभी जगह आने- जाने के प्रतीक चिह्न लगाए जाएंगे।
- सभी को अपने वाहन रेलवे परिसर के बाहर ही खड़े करने होंगे।