अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। जिले में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान मंगलवार से शुरू हो गया। जिसके तहत न सिर्फ रैली निकाली गई बल्कि जागरूकता गोष्ठी भी हुई।
रैली को सीएमओ कार्यालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली का शुभारंभ सदर विधायक रवि शर्मा और शिक्षक विधायक डाॅ. बाबूलाल तिवारी ने किया। रैली में नगर निगम की कूड़ा उठाने वाली गाड़ियां, फॉगिंग वाहन व मलेरिया विभाग के कर्मचारी जागरुकता के स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर निकले।
वाहन रैली के बाद हुई जागरुकता गोष्ठी हुई। इसमें अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डॉ. सुमन ने बताया कि 30 अप्रैल तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा। 10 से 30 अप्रैल तक घर-घर दस्तक अभियान चलाया जाएगा। दस्तक अभियान में बुखार के रोगियों, टीबी, कुष्ठ और कुपोषित बच्चों की सूची बनाकर ई-कवच पोर्टल पर अपलोड की जाएगी।
सीएमओ डॉ. सुधाकर पांडेय ने संबंधित विभागों को अभियान में सक्रिय भागीदारी करने के लिए कहा। जिला मलेरिया अधिकारी आरके गुप्ता ने बताया कि 2021 में जिले के अंदर 1124 डेंगू रोगी मिले थे, जिसमें निरंतर गिरावट दर्ज की जा रही है।
इस दौरान एसीएमओ डाॅ. आरएस भदौरिया, डॉ. एनके जैन, डॉ. रविशंकर, डॉ. रमाकांत स्वर्णकार, डिप्टी सीएमओ डाॅ. उत्सव राज आदि मौजूद रहे।