झांसी। बुधवार को समाजवादी पार्टी ने पुलिस ऑफिस पर प्रदर्शन किया। इस दौरान सपाइयों ने पुलिस पर ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में सपा प्रत्याशियों पर फर्जी मुकदमे दर्ज करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पुलिस सपाइयों को सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर कर रही है। निष्पक्ष चुनाव की मांग करते हुए एसएसपी को ज्ञापन सौंपा गया।
पुलिस ऑफिस में जमा हुए सपाइयों ने जमकर नारेबाजी की। पूर्व सांसद डा. चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि बड़ागांव, मोंठ आदि ब्लॉकों में पुलिस सपा के ब्लॉक प्रमुख पद के दावेदारों का उत्पीड़न कर रही है, जिससे वे दबाव में आकर चुनावी मैदान से हट जाएं। लेकिन, सपाई पीछे हटने वाले नहीं, सभी आठों सीटों पर प्रत्याशी उतारे जाएंगे। पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह ने कहा कि सपाई फर्जी मुकदमों से डरने वाले नहीं है। इस दौरान एसएसपी शिवहरि मीणा को ज्ञापन सौंपा गया। पुलिस कप्तान ने सपाइयों को कार्रवाई का भरोसा दिया।
इस मौके पर लोहिया वाहिनी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश पाल, निवर्तमान जिलाध्यक्ष महेश कश्यप, नगर अध्यक्ष तनवीर आलम खान, अस्फान सिद्दीकी, चंद्रप्रकाश मिश्रा, शकील खान, परमानंद कुशवाहा, असलम शेर, विजय झांसिया, विकास यादव रिंटू, हीरेंद्र यादव, विश्वप्रताप सिंह, प्रतिपाल सिंह, प्रशांत बरगढ़ आदि समेत दर्जनों की संख्या में सपाई मौजूद रहे।