फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: किशोर को सांप ने डसा... मां मंदिर में लगा रही शिवजी से गुहार; परिजन बेटे संग सांप को भी ले गए अस्पताल

Thu, 05 Sep 2024 10:01 PM IST
आकाश दुबे अमर उजाला ब्यूरो, झांसी

सार

प्रधान राजकुमार मुखिया ने बताया कि बुधवार की रात सभी खाना खाकर कमरे में जमीन पर सो रहे थे। रात तकरीबन 11 बजे अचानक किशोर चिल्लाने लगा कि काट लिया…काट लिया।
विज्ञापन
Snake Bite - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बीती रात नंदनपुरा में माता-पिता के साथ सोते समय 15 वर्ष के एक किशोर को सांप ने डस लिया। जानकारी होने पर परिजन आनन-फानन उसे मेडिकल कॉलेज लेकर भागे। इसके बाद परिवार के कुछ अन्य लोग सांप को पकड़कर मेडिकल ले पहुंचे। ताकि, सांप के जहर के बारे में पता चल सके और उसी के अनुसार इलाज हो सके। किशोर का इलाज जारी है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

विज्ञापन


टोड़ी फतेहपुर थाना इलाके के ग्राम पुंछी निवासी नरेंद्र पटेल का 15 साल का बेटा संगीत उर्फ साहिल हंसराज मॉडर्न स्कूल में कक्षा नौ का छात्र है। वह अपने पिता और मां रजनी के साथ नंदनपुरा में किराये के मकान में रहता है। ममेरी बहन अर्पिता और ममेरा भाई आदित्य भी साथ में रहकर पढ़ाई करते हैं।

ग्राम पुंछी के प्रधान राजकुमार मुखिया ने बताया कि बुधवार की रात सभी खाना खाकर कमरे में जमीन पर सो रहे थे। रात तकरीबन 11 बजे अचानक संगीत चिल्लाने लगा कि काट लिया…काट लिया। तब उठकर देखा तो पास में सांप बैठा था और पैर में उसके दांत के निशान बने थे। बगैर देर किए परिजन आनन-फानन संगीत को मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंच गए और उसे वहां भर्ती करा दिया गया।

किशोर के दादा रामसुमरनी ने बताया कि कमरे में सांप फुफकार मार रहा था, जिससे किसी की अंदर जाने की हिम्मत नहीं हुई। इस पर रात भर वे सांप की निगरानी करते रहे और उसे भागने नहीं दिया। सुबह होने पर पिपरा गांव से सपेरे को बुलाया गया। सपेरे ने आकर सांप को पकड़कर डिब्बे में बंद किया। इसके बाद सांप को लेकर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। यहां पर डॉक्टर को सांप दिखाया, ताकि सांप की नस्ल से उसके जहर का पता चला सके और उसी के अनुसार बालक का इलाज किया जा सके। फिलहाल, किशोर की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। मेडिकल कॉलेज में उसका इलाज जारी है।
विज्ञापन

मां लगा रही शिवजी से गुहार, रो-रोकर बुरा हाल
संगीत अपने माता-पिता की इकलौती संतान है। तीन साल पहले ही वह पढ़ने के लिए गांव से झांसी आया था। संगीत को सांप के डसने के बाद से उसकी मां का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है। मां परिवार की अन्य महिलाओं के साथ मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड के पीछे बने शिव मंदिर में बैठी हुई है। वह शिवजी से एक ही गुहार लगा रही है कि बेटे संगीत को सांप ने काट लिया है, आप उसे ठीक कर दो।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें