झांसी। मोंठ इलाके में भी एक सोलर प्लांट लगाए जाने की तैयारी है। करीब 40 मेगावाट क्षमता के इस प्लांट के लिए जमीन की तलाश की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक जमीन चयनित होते हुए यहां कार्य शुरू कराया जाएगा।
बुंदेलखंड की भौगोलिक स्थितियों के चलते यहां सौर ऊर्जा का काफी प्रयोग किया जा सकता है। इसको देखते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार यहां सोलर प्लांट लगाने को अधिक तरजीह दे रही हैं। केंद्र सरकार की ओर से पहले ही गरौठा में 600 मेगावाट का अल्ट्रा सोलर प्लांट प्रस्तावित है। इसके साथ ही निजी क्षेत्र की मदद से मोंठ इलाके में 40 मेगावाट क्षमता के सोलर प्लांट का भी प्रस्ताव किया गया है। हैदराबाद की कंपनी इसके लिए जमीन तलाशने का काम कर रही है। इसके पहले अडानी ग्रुप की ओर से एक सोलर प्लांट यहां संचालित किया जा रहा है। नेडा अधिकारियों का कहना है सोलर पार्क योजना के तहत निजी क्षेत्र की कंपनियों को आमंत्रित किया गया था। आने वाले समय में झांसी से ही करीब 650 मेगावाट सोलर ऊर्जा का उत्पादन होगा, जिससे भविष्य में थर्मल बिजली उत्पादन पर निर्भरता कम हो सकेगी। परियोजना अधिकारी एसके गुप्ता ने बताया कि गरौठा में जमीन चयनित होने का काम तकरीबन पूरा हो चुका है। अब यहां किसानों के साथ करार करके काम आगे बढ़ना है जबकि मोंठ इलाके में निजी कंपनी को जमीन चयनित करनी है। उन्होंने इस वर्ष के आखिरी तक यहां कार्य शुरू हो जाने की उम्मीद है।