संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। उपभोक्ताओं के लिए स्मार्ट मीटर अब परेशानी का सबब बन गए हैं। पहले दो हजार रुपये महीने आने वाला बिल स्मार्ट मीटर लगने के बाद नौ हजार तक पहुंच गया है। लोगों का कहना है कि मीटर रीडिंग से ज्यादा बिल आ रहा है और शिकायत करने पर भी सुनवाई नहीं हो रही है।
जिले में पिछले साल सितंबर से स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य चल रहा है। 7.71 लाख उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगने हैं। झांसी जोन में अब तक एक लाख 472 मीटर लगाए जा चुके हैं। जहां-जहां ये मीटर लगे हैं, वहां के उपभोक्ता परेशान हैं। लोग मीटर लगने के बाद बिजली का बिल बढ़कर आने की शिकायतें कर रहे हैं।
उपभोक्ताओं की परेशानी उन्हीं की जुबानी
दतिया गेट बाहर सरस्वती शिशु मंदिर गली निवासी नरेंद्र सिंह ने बताया कि पहले उनका बिजली का बिल सामान्य दिनों में 1800-1900 रुपये आता था, गर्मियों में यह बढ़कर 2400 रुपये तक पहुंच जाता था। लेकिन, स्मार्ट मीटर लगने के बाद अब बिल नौ हजार रुपये आ गया है। अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।