झांसी। झांसी में प्रस्तावित हवाई अड्डे की स्थापना के तमाम काम स्मार्ट सिटी के तहत किए जाएंगे। इसकी योजना तैयार कर ली गई है। हवाई अड्डे की अंदरूनी डिजाइन फाइनल कर दी गई है।
ग्वालियर रोड स्थित सेना की हवाई पट्टी का विस्तार कर हवाई अड्डे की स्थापना की जानी है। इसके लिए पट्टी से सटी सिमरधा ग्राम की पंद्रह एकड़ जमीन भी ली जानी है, जिस पर ग्रामीणों ने सहमति जता दी है। इसके साथ ही निर्माण की प्रक्रिया ने तेजी पकड़ ली है। वर्तमान में हवाई पट्टी पर 1200 मीटर लंबा रनवे है, जिसकी लंबाई बड़ाकर 1500 मीटर की जाएगी। इसके अलावा हवाई अड्डा परिसर में टर्मिनल, लाउंज व पार्किंग स्थल भी बनाया जाएगा।
ये काम स्मार्ट सिटी योजना के तहत किया जाएगा। इस पर पांच करोड़ रुपये की धनराशि खर्च की जाएगी। इसका खाका तैयार कर लिया गया है। वर्तमान में हेलीकॉप्टर रखने वाले हैंगर को टर्मिनल में बदला जाएगा। जबकि, यहां स्थित गेस्ट हाउस को लाउंज बनाया जाएगा। परिसर में स्थित जमीन पर पार्किंग बनाई जाएगी। इसकी डिजाइन भी तैयार कर ली गई है। इसके अलावा जल्द ही सिमरधा की चिह्नित जमीन के क्रय करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी जाएगी।
हवाई अड्डे में टर्मिनल, लाउंज व पार्किंग स्मार्ट सिटी से विकसित किए जाएंगे। इसकी योजना तैयार कर ली गई है। इसके अलावा हवाई अड्डे की डिजाइन भी तैयार हो गई है। जल्द ही इस पर काम शुरू हो जाएगा।
- आंद्रा वामसी, जिलाधिकारी