कोरोना से छह की मौत, 13 मरीज मिले
झांसी। कोरोना महामारी में लगातार मौतों का सिलसिला जारी है। बुधवार को संक्रमण की चपेट में आने से छह लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही मरने वालों का आंकड़ा छह सौ के पार पहुंच गया है। जबकि, 13 नए मरीज सामने आए हैं।
बुधवार को 6201 सैंपलों की जांच की गई। सबसे ज्यादा एंटीजन किट से 3576 नमूने जांचे गए। जबकि, आरटीपीसीआर मशीन से 2615 व ट्रू नेट से 10 सैंपलों की जांच हुई। इसमें शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों में 13 मरीज सामने आए हैं। अब जिले में संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 36372 पहुंच गया है। जबकि, छह लोगों की मौत के बाद अब मरने वालों का आंकड़ा 603 पहुंच गया है। ठीक होने पर अस्पताल से 146 मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया गया। 23 मरीजों का होम आइसोलेशन भी पूरा हो गया। अब जिले में 531 एक्टिव केस बचे हुए हैं। रिकवरी रेट 96.88 प्रतिशत हो गया है। मौजूदा समय में 66 लक्षण वाले मरीज हैं, इसमें 28 की हालत गंभीर बनी हुई है।