झांसी। महानगर में बुधवार को भाई दूज का पर्व उल्लास से मनाया गया। बहनों ने अपने भाइयों के माथे पर तिलक किया और उनके सुखद जीवन और लंबी आयु की परमात्मा से कामना की। भाइयों ने अपनी बहनों से आशीर्वाद लिया और उन्हें आकर्षक उपहार दिए।
विज्ञापन
भाई बहन के स्नेह का पर्व भाई दूज को लेकर सुबह से ही सभी घरों में विशेष उत्साह रहा। सुबह महिलाओं और लड़कियों ने घर के मुख्य द्वार पर पूजा अर्चना की। आराध्य देव के दर्शन के बाद बहनों ने अपने भाइयों का चंदन, रोली, चावल से तिलक किया। भगवान से भाइयों की लंबी आयु और सुख समृद्धि की कामना की। वहीं, पर्व पर महानगर की सभी कॉलोनियों, मोहल्लों में सुबह से लेकर देर रात तक चहल-पहल रही। इसके साथ ही शहर, सीपरी बाजार, आवास विकास, नंदनपुरा, सदर बाजार, नगरा समेत विभिन्न क्षेत्रों में मिठाइयों की दुकानों पर खूब रौनक रही।