झांसी में थाना सीपरी बाजार के करारी निवासी एक महिला ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर थाने में तैनात तीन सिपाही एवं एक दरोगा की शिकायत की है। महिला का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने घर में घुसकर उसके पति को बेरहमी से पीटा। इससे पति के पैर टूट गए। महिला ने आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज किए जाने की मांग की है।
विष्णु देवी ने प्रार्थना पत्र के जरिए कहा उसका पति हेमंत ऑटो चालक है। परिवार के साथ करारी वार्ड नंबर बीस में रहती है। पंद्रह जनवरी, रात करीब एक बजे सीपरी बाजार में तैनात तीन सिपाही और एक दरोगा घर में घुस आए।
आरोप है कि इन लोगों ने पति को बाहर निकालकर पीटना शुरू कर दिया। जब उसने बीच-बचाव की कोशिश की तब उसके साथ भी अभद्रता की। पति से पैसों की मांग की। पैसे न देने पर एनकाउंटर कर देने की धमकी दी। घबराकर उसने घर में रखे दस हजार रुपये दे दिए।
इसके बाद घटना की सूचना पीआरवी को दी। थोड़ी देर में पीआरवी पहुंच गई। इलाज के लिए हेमंत को महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। महिला का कहना है वह शिकायत लेकर सीपरी बाजार थाने पहुंची लेकिन, पुलिस ने उसकी सुनवाई नहीं की। महिला ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराए जाने के साथ ही सुरक्षा दिलाए जाने की मांग की है।