अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से मंगलवार को पं. कृष्णचंद्र शर्मा कन्या इंटर कॉलेज में पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस और साइबर एक्सपर्ट ने छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव के तरीके बताए। साथ ही छात्राओं से कहा गया कि वे अपराध के प्रति चुप्पी न साधें, बल्कि खुलकर बोलें।
पुलिस की पाठशाला में एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि अपराध के प्रति चुप्पी साधने का मतलब उसे बढ़ावा देना है। किसी भी तरह की अप्रिय बात को छुपाएं नहीं, बल्कि परिजन, शिक्षक और जरूरत पड़ने पर पुलिस को बताएं। इसके लिए 112 के अलावा महिला पावर लाइन 1090 पर भी शिकायत की जा सकती है। इस पर शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाती है।
साइबर एक्सपर्ट अजीत शर्मा ने बताया कि किसी भी प्रकार के एप को डाउनलोड करते समय वह माइक्रोफोन, गैलरी व कांटेक्ट देखने की परमिशन कतई नहीं देनी चाहिए। आपकी गोपनीय जानकारी का साइबर अपराधी गलत इस्तेमाल कर लेते हैं। वे आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस की मदद से आवाज को कॉपी कर आसानी से अपराध को अंजाम दे देते हैं। इसके अलावा किसी भी तरह का साइबर अपराध होने पर तत्काल सूचना 1930 पर दर्ज कराएं। इस दौरान अन्य जानकारियां भी दी गईं।
बाद में सभी के प्रति आभार प्रधानाचार्य अर्चना गौतम ने जताया। इस दौरान प्रवक्ता रश्मि समेत सरिता कैथवास, स्नेहलता भास्कर, वंदना पाठक एवं अनीता वर्मा आदि मौजूद रहीं।