झांसी। बुधवार को सैनिक सम्मेलन और मासिक अपराध समीक्षा बैठक हुई, जिसमें एसएसपी ने निर्देश दिए कि सभी थानेदार सोशल मीडिया पर नजर रखें। वायरल वीडियो व अफवाहों का तत्काल खंडन करें और सही तथ्यों से अवगत कराएं। सोशल मीडिया का प्रयोग करते समय मर्यादित भाषा शैली अपनाएं। इस दौरान पुलिस कर्मचारियों की समस्याएं भी सुनीं गईं।
पुलिस लाइन में आयोजित बैठक में एसएसपी शिवहरि मीणा ने आगामी त्योहारों के मद्देनजर पुलिस प्रबंध कर लिया जाए। विवेचनाओं का निस्तारण किया जाए और वांछितों की गिरफ्तारी हो। अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। अधीनस्थ कर्मचारियों से अच्छा व्यवहार करें और उनकी समस्याओं का निस्तारण किया जाए। इस मौके पर एसपी सिटी विवेक त्रिपाठी समेत सभी क्षेत्राधिकारी आदि मौजूद रहे। इसके बाद अपने आवास की ओर जाते हुए एसएसपी को पुलिस कार्यालय के बाहर सड़क पर महिलाएं खड़ी दिखीं। उन्होंने गाड़ी से उतरकर समस्या सुनी और सीपरी बाजार थाना प्रभारी को निस्तारण के निर्देश दिए।