ओरछा। पृथ्वीपुर विस उपचुनाव को लेकर सियासी पारा बढ़ रहा है। जीत के लिए दोनों दलों में जोर अजमाइश की जा रही है। पृथ्वीपुर विस क्षेत्र में रविवार का दिन काफ ी खास रहा। महज आठ किलोमीटर के फ ासले पर कांग्रेस और भाजपा दोनों के दिग्गज नेताओं ने जनसभा की। गांव सिमरा के मंच से जहां प्रदेश की मुखिया शिवराज सिंह ने विकास का नारा बुलंद किया, तो गांव जेरोन के मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली को कठघरे में खड़ा किया।
सिमरा में जनसभा को संबोधित करते हुए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भ्रष्टाचारियों को छोडूंगा नहीं। टेंटुआ में हाथ डालकर पैसा निकालूंगा। चिंता मत करना, नौकरी करने लायक नहीं रहने दूंगा। अगर गड़बड कर जनता का धन खाया तो, इस सरकार में सबसे पहला हक गरीबों का है। केंद्र में प्रधानमंत्री मोदी बैठे हैं और प्रदेश में मामा बैठा है। शिवराज ने किसानों से कहा कि तुम्हारे सूखे खेतों में पानी लाऊंगा। चाहे जो करना पडे़। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए बोले, हम मौत पर कफ न और अंतिम संस्कार के लिए पांच हजार रुपये देते थे, वह भी कांग्रेसी खा गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की बातों में न आ जाना, नहीं तो दो ढाई साल और बर्बाद हो जाएंगे।
उधर, गांव जेरोन में कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में जनसभा में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार कैसे रुकेगा, क्योंकि यहां का लोकायुक्त ही नकली है। कांग्रेस की सरकार आई तो हम असली लोकायुक्त बनाकर भ्रष्टाचार की जांच कराएंगे। उन्होंने मंच से प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अधिकारी भाजपा का एजेंट बनकर काम न करें। अगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम जनता को परेशान किया तो दो के बाद तीन तारीख आएगी और सबका हिसाब चुकता किया जाएगा। राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने कहा कि उनके द्वारा हाईकोर्ट के वकीलों का एक दल पृथ्वीपुर भेजा जा रहा है जो प्रशासनिक ज्यादतियों की तफ्तीश करेगा। हम इसकी चुनाव आयोग में शिकायत करेंगे।।